सारठ : प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालय गोपीबांध के प्रांगण में दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्घाटन बीडीओ चंदन कुमार सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, प्रमुख गौतम रवानी, बीपीओ उदय शंकर राय एवं मुखिया प्रतिनिधि अनिल राव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन से पूर्व अतिथियों ने मैदान में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया.
बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने कहा कि खेलकूद से बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा मिलता है. सरकार द्वारा ऐसे आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की खेल के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनकी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है.
उन्होंने कहा कि खेलो झारखंड प्रतिभा निखारने का उचित प्लेटफॉर्म है, जहां स्कूली एवं ग्रामीण क्षेत्रों के योग्य और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. प्रतियोगिता में प्रखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तरीय खेलों में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
फुटबॉल से लेकर एथलेटिक्स तक हुई प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो, गोला फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद तथा 100 मीटर से 3000 मीटर तक की दौड़ सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया.
अंडर-17 बालक वर्ग वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला करहिया उच्च विद्यालय एवं बामनगामा मध्य विद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें करहिया उच्च विद्यालय की टीम ने जीत दर्ज की. वहीं, अन्य खेलों का निर्णय नहीं हो सका था. सभी प्रतियोगिताओं का फाइनल शनिवार को संपन्न होगा.
86 मध्य और 14 उच्च विद्यालय, मैदान में उतरे सिर्फ 10 स्कूल
खेल प्रतियोगिता में प्रखंड के अधिकांश स्कूलों द्वारा रुचि नहीं दिखायी गयी. प्रखंड में संचालित 86 मध्य विद्यालय एवं 14 उच्च विद्यालयों में से मात्र 10 स्कूलों के बच्चों ने ही प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया.
मौके पर बीआरपी सुधांशु शेखर, मनोज कुमार, शिक्षक अजित दास, सादिक मिर्जा, मो. अल्ताफ, तरन्नुम मिर्जा, बेबी देवी, मनीष कुमार आदि मौजूद थे.
