देवघर : गुजरात से देवघर पहुंचे 32 श्रद्धालुओं की बस से नकदी और कपड़े समेत पांच बैग चोरी होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में गांधीनगर, गुजरात निवासी बस चालक ने नगर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पूरा घटनाक्रम एक होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं में गांधीनगर निवासी रोशनी के बैग में 10 हजार रुपये थे.
25 दिनों के तीर्थाटन पर निकले थे श्रद्धालु
बताया गया कि सभी 32 श्रद्धालु 25 दिनों के तीर्थाटन पर निकले हैं. इसी क्रम में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे उनकी बस देवघर पहुंची. जटाही मोड़ के समीप होटल के पास बस खड़ी कर सभी श्रद्धालु सो गये.
टोटो से पहुंचे चोर, बैग लेकर हुए फरार
बताया गया कि देर रात करीब तीन बजे टोटो से कुछ चोर वहां पहुंचे. इसके बाद बस से पांच बैग चोरी कर फरार हो गये. चोरी हुए बैग में नकदी समेत कपड़े आदि रखे हुए थे.
CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
बस से बैग चोरी किए जाने का पूरा घटनाक्रम होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है. मामले में बस चालक ने नगर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
