Deoghar News : डिजिटल सुविधा के साथ बढ़ा साइबर खतरा, सतर्क रहें ग्राहक : डीजीएम

एसबीआइ ‘गो सिक्योर-गो डिजिटल’ विषय पर जागरुकता गोष्ठी का आयोजन वायरे इन में किया गया.

प्रमुख संवाददाता, देवघर : एसबीआइ ‘गो सिक्योर-गो डिजिटल’ विषय पर जागरुकता गोष्ठी का आयोजन वायरे इन में किया गया. इसमें ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, एटीएम सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम में एसबीआइ के डीजीएम सत्यनारायण राव ने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ साइबर फ्रॉड के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने बताया कि मात्र ₹1100 में बैंक खाते का साइबर बीमा कराया जा सकता है, जिसके अंतर्गत साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में ₹1,00,000 तक की राशि सुरक्षित रहती है. उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, पिन या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें.

एटीएम में कार्ड या पैसा फंसे तो घबराएं नहीं : क्षेत्रीय प्रबंधक

क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने एटीएम और डिजिटल लेन-देन से जुड़ी सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि एटीएम में कार्ड या नकद राशि फंसने की स्थिति में किसी अज्ञात व्यक्ति या गैर-आधिकारिक नंबर पर कॉल नहीं करें. ऐसे मामलों में सबसे पहले एसबीआइ के टोल-फ्री नंबर 1800 111 109 पर संपर्क कर कार्ड तुरंत ब्लॉक करायें और उसके बाद नजदीकी शाखा में लिखित शिकायत दर्ज करायें. उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, सर्वे फ्रॉड, फर्जी कॉल, संदेश और लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी के तरीकों की जानकारी देते हुए ग्राहकों को अनजान व्यक्ति से सहायता न लेने की सलाह दी.

यहां करें साइबर अपराध की शिकायत

बैठक में बताया गया कि साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर दर्ज करायी जा सकती है या हेल्पलाइन नंबर 155260 पर कॉल किया जा सकता है.

साइबर पुलिस ने कानूनी पहलुओं पर दी जानकारी

साइबर पुलिस थाना से उपस्थित इंसपेक्टर केडी झा और एसआइ अजय कुमार ने साइबर अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए समय पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की. इस दौरान ग्राहकों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का समाधान बैंक अधिकारियों एवं साइबर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही किया. बैठक का समापन गो सिक्योर-गो डिजिटल और सतर्कता ही सुरक्षा है के संदेश के साथ किया गया. इस अवसर पर विभिन्न शाखाओं के मुख्य प्रबंधक, बैंक अधिकारी व ग्राहक उपस्थित थे.

हाइलाइट्स

डिजिटल फ्रॉड से बचाव के लिए एसबीआइ का ””गो सिक्योर-गो डिजिटल”” जागरुकता गोष्ठी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet Mandal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >