माता-पिता, शिक्षक और राजनीतिक नेतृत्व के ‘हां में हां’ मिलाने पर जतायी चिंता
देवघर से संजीत मंडल की रिपोर्ट
देवघर : अंग्रेजी के जाने-माने उपन्यासकार और मेरठ स्थित सीसीएस विश्वविद्यालय में अंग्रेजी के प्रोफेसर प्रो. विकास शर्मा बुधवार को बाबा बैद्यनाथ सिद्धपीठ के दर्शन करने देवघर पहुंचे. उन्होंने बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और आधुनिक समाज व जेन जी की जीवनशैली पर अपने विचार रखे. प्रो. विकास शर्मा जाने-माने कवि कुमार विश्वास के भाई हैं.
जेन जी में अपार क्षमता और ऊर्जा
प्रो. विकास शर्मा ने कहा कि जेन जी में कुछ नया कर गुजरने की अपार क्षमता और ऊर्जा है, लेकिन उनके भीतर भटकने की कुछ कमजोरियां भी हैं. माता-पिता इस पीढ़ी के बच्चों से डर के कारण उन्हें कुछ कह नहीं पा रहे हैं. शिक्षक समाज और परिवारों के दबाव में उदासीन हैं, जबकि राजनेता वोटों के लोभ में जेन जी के तुष्टिकरण में लगे हैं. ऐसे में इन्हें सही रास्ते पर कौन लाएगा.
उच्च शिक्षा की चुनौतियों को उपन्यास में किया रेखांकित
प्रो. विकास शर्मा का नवीनतम उपन्यास ‘ऑल हर फायर्स’ जेन जी के मनोविज्ञान के साथ उच्च शिक्षा में भ्रष्टाचार, नियुक्तियों में पारदर्शिता का अभाव, विश्वविद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कारण शिक्षकों के ‘शिक्षक’ से ‘बाबू’ में बदलते जाने जैसे मुद्दों को रेखांकित करता है.
कुमार विश्वास के भाई और AESI के महामंत्री
प्रो. विकास शर्मा कुमार विश्वास के भाई हैं और एसोसिएशन फॉर इंग्लिश स्टडीज (AESI) के महामंत्री हैं. उन्होंने बताया कि 69वीं ऑल इंडिया इंग्लिश टीचर्स कांफ्रेंस 26 से 28 नवंबर 2026 तक बोधगया में होगी. वे अब तक एक दर्जन से अधिक उपन्यास लिख चुके हैं, जिनमें से कई विश्वविद्यालयों में पढ़ाये जा रहे हैं.
