प्रतिनिधि, मोहनपुर : मोहनपुर थाना क्षेत्र में सिरसा नुनथर गांव में शादी उत्साह उस समय मातम में बदल गया, जब होने वाले दूल्हे विजय सिंह (23 वर्ष) ने ट्रेन से कटकर जान दे दी. सोमवार को विजय का तिलक था तथा जल्द ही शादी होने वाली थी, इससे पहले ही रविवार रात में यह घटना हो गयी. देवघर-दुमका रेललाइन पर मोहनपुर थाना क्षेत्र में सिरसा नुनथर गांव से कुछ ही दूरी पर सोमवार की सुबह विजय का शव पुलिस द्वारा बरामद किया गया. आसपास के लोगों के मुताबिक, उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली.
जानकारी के अनुसार, रात को घर में कुछ विवाद हुआ, उसके बाद वह घर से निकल गया था. बाद में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसके कटे हुए शव को रेलवे ट्रैक पर देखा, तो इसकी सूचना मृतक के परिजनों सहित पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मोहनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की. मृतक के शव के पास पड़े उसके मोबाइल भी बरामद किये गये हैं, जिसे जांच के लिए पुलिस ने जब्त कर लिया. वहीं मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जाता है कि किसी बात को लेकर विजय के घर में विवाद हो गया था. इस कारण वह गुस्से में घर से निकल गया था. उसके बाद वह लौटकर घर नहीं आया. सुबह में उसका शव मिला. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. मृतक के परिजनों से पूछताछ कर पुलिस घटना के कारणों का पता कर रही है. बताया जाता है कि विजय मजदूरी करता था. हाल ही में उसकी शादी होने वाली थी और सोमवार को ही उसका तिलक होने वाला था. चर्चा यह है कि प्रेम प्रसंग में तनाव में आने के बाद उसने यह कदम उठा लिया है. हालांकि पुलिस व परिजन इस संबंध में कुछ नहीं बोल रहे हैं.हाइलाइट्स
मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिरसा नुनथर गांव का था रहनेवाला मृतक विजय सिंहडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
