Deoghar News : बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार

नगर थाना क्षेत्र में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है.

वरीय संवाददाता, देवघर : नगर थाना क्षेत्र में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की. पुलिस मीडिया सेल द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के पोखनाटिल्हा कैलाशपुरी मुहल्ला निवासी मुन्ना मिश्रा के बंद घर में 26 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 134/26 के तहत 28 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. उनके घर से चोर एलइडी टीवी, बैटरी, इन्वर्टर समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये थे. घटना के बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी व जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. गिरफ्तार आरोपितों में नगर थाना क्षेत्र के सलोनाटांड़ मुहल्ला निवासी कृष कुमार, रिखिया थाना क्षेत्र के खपरोडीह मुहल्ले में रह रहा ताराबाद कुसुमडीह गांव निवासी भविष्य कुमार उर्फ छोटू तथा रिखिया के ही खपरोडीह इंजीनियर कॉलोनी निवासी आयुष कुमार झा शामिल है. पुलिस ने आरोपितों के पास से दो ट्रॉली बैग, एक कॉफी मशीन, 32 इंच का एलइडी टीवी, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, एक लाल रंग का लहंगा व अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपित दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. छापेमारी टीम में नगर थाना के प्रभारी थानेदार एसआइ मुकेश कुमार, आइओ एसआइ सुमंत प्रसाद, एसआइ घनश्याम गंझू, एसआइ सूरज कुमार, एसआइ अरुण दत्त शर्मा व नगर थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. हाइलाइट्स नगर थाना कांड संख्या-134/26 में पुलिस को मिली बड़ी सफलता एलइडी टीवी, इन्वर्टर, बैटरी समेत अन्य सामान बरामद तकनीकी अनुसंधान व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई गिरफ्तारी आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में बताया, बंद मकानों की रेकी कर रात में चोरी की घटना को देते थे अंजाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >