रंगदारी मामले में देवघर-जमशेदपुर से चार संदिग्ध हिरासत में, हथियार-गोली की तलाश में जुटी पुलिस

देवघर में रंगदारी मांगने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. देवघर और जमशेदपुर से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस इनसे पूछताछ कर हथियार और गोलियों की तलाश में जुटी है.

देवघर : नगर थानांतर्गत लक्ष्मी चरण द्वारी रोड में रंगदारी को लेकर दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. हालांकि, पुलिस के किसी भी पदाधिकारी ने इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दो संदिग्धों को देवघर और दो को जमशेदपुर से हिरासत में लिया गया है. पुलिस इनसे पूछताछ कर हथियार-गोली की तलाश में जुटी है.

दुकानदारों से रंगदारी मांगने का मामला

बताया जाता है कि पिछले दिनों नगर थाना क्षेत्र के शिवगंगा इलाके में दुकानदारों से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था. मामले को लेकर कई दुकानदारों ने देवघर एसपी से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की थी. इसके बाद लक्ष्मी चरण द्वारी रोड के स्थायी दुकानदार सोनू कुमार ने नगर थाना कांड संख्या 363/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी.

प्राथमिकी में चार नामजद आरोपितों पर यूपीआइ के माध्यम से 5103 रुपये जबरन ट्रांसफर कराने, 3500 रुपये नगद लेकर भागने और 50 हजार रुपये रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.

दूसरे दुकानदार ने भी दर्ज करायी प्राथमिकी

इसी मुहल्ले के दुकानदार मोहन ठाकुर ने भी रंगदारी को लेकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस मामले में भी उन्हीं चार आरोपितों को नामजद किया गया है.

दोनों मामलों में गौरी आश्रम के सामने के निवासी गौरव झा, गोविंद खवाड़े लेन निवासी निहाल मिश्रा, हरिहरबाड़ी मुहल्ला निवासी राहुल शर्मा और बिलासी टाउन निवासी विक्रम कुमार को नामजद किया गया है.

जमशेदपुर में छापेमारी, दो संदिग्ध हिरासत में

सूत्रों के अनुसार, नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रंगदारी मांगने वाले कुछ अपराधी देवघर से भागकर जमशेदपुर में छिपे हुए हैं. सूचना के आधार पर शुक्रवार को नगर थाना पुलिस की एक टीम जमशेदपुर पहुंची और छापेमारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया.

पुलिस टीम शनिवार सुबह दोनों को लेकर देवघर पहुंची. इसके बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है. वहीं, दो अन्य संदिग्धों को देवघर से हिरासत में लिये जाने की जानकारी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >