सारठ : एसआईआर में फर्जी जाति और आवासीय प्रमाण पत्र देकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मामला प्रकाश में आया है. मामले को लेकर पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने बताया कि सारठ प्रखंड के बारा नवादा मतदान केंद्र पर 68 लोगों द्वारा फर्जी जाति और आवासीय प्रमाण पत्र देकर गलत रूप से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रयास किया गया है.
प्रज्ञा केंद्र संचालक पर प्रमाण पत्र बनाने का आरोप
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि गांव के प्रज्ञा केंद्र संचालक द्वारा फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किया गया है तथा बीएलओ द्वारा फर्जी दस्तावेजों को सत्यापित भी कर दिया गया है.
जांच कर कार्रवाई की मांग
पूर्व विधायक सह पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि फर्जी दस्तावेज पेश करने वाले, प्रमाण पत्र बनाने वाले और सत्यापित करने वाले सभी व्यक्ति विशेष वर्ग से आते हैं. उन्होंने जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन से इस गंभीर मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
निर्वाचन नियमों के पालन पर जोर
रणधीर सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियमों एवं सिद्धांतों के विपरीत कार्य करने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई की जरूरत है.
