सारठ. प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को 25 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में भाकपा के बैनर तले सांकेतिक धरना व प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व कृषिमंत्री रणधीर सिंह ने किया. धरने में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. इस दौरान पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने हेमंत सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए जनहित से जुड़ी मांगों को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की. उन्होंने कहा कि किसानों की धान अधिप्राप्ति का बकाया भुगतान शीघ्र किया जाये, फसल बीमा एवं क्षतिपूर्ति का लाभ सुनिश्चित हो तथा खरीफ सीजन 2026 के लिए समय पर बीज उपलब्ध कराया जाए. खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाकर किसानों को सस्ते दर पर खाद उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गयी. साथ ही आम जनता के लिए शुद्ध पेयजल और 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गयी. प्रदर्शनकारियों ने बालू से जुड़े कथित अवैध कारोबार पर रोक लगाने, स्थानीय लोगों को निःशुल्क या सुलभ दर पर बालू उपलब्ध कराने, तथा स्वास्थ्य विभाग की भर्तियों में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की. सहायक अध्यापकों को स्थायी करने, संविदा कर्मियों-जैसे जलसहिया, सहिया, मनरेगा कर्मी एवं कृषक मित्र के मानदेय में सुधार की भी मांग उठी. स्कूलों में शिक्षकों की रिक्तियों को भरने, बच्चों को मिलने वाली साइकिल व पोशाक की गुणवत्ता सुधारने तथा एससी, एसटी, ओबीसी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की छात्रवृत्ति सुनिश्चित करने की भी मांग रखी गयी. इसके अलावा मंईयां सम्मान योजना में कथित छंटनी पर रोक लगाकर वंचित महिलाओं को पुनः जोड़ने की मांग की गयी. मांगों का ज्ञापन मंडल अध्यक्ष संजय मंडल समेत अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सीओ कृष्ण चन्द्र सिंह मुंडा को सौंपा गया और इसे राज्यपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की मांग की गयी. नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा. मौके पर वरिष्ठ नेता महेंद्र राणा, मंडल अध्यक्ष संजय मंडल, टिंकू सिंह, जयराम पोद्दार, उदय झा, बप्पी रुज, अनुज सिंह, टिंकू सिंह, कुलदीप सिंह, जीतन मंडल, पीतांबर यादव, संजय यादव, नुंनलाल मंडल, सुभाष मेहरा, बीरेंद्र यादव, दशरथ मंडल आदि मौजूद थे. — राज्य सरकार बालू से तेल निकालने का गोरखधंधा बंद करें, नहीं तो होगा वृहत आंदोलन : पूर्व मंत्री रणधीर
25 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा का सांकेतिक प्रदर्शन, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
राज्य सरकार पर पूर्व कृषिमंत्री रणधीर सिंह ने साधा निशाना
