दो किशोरों की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी फॉरेंसिक टीम, घटनास्थल से परिजनों तक हुई गहन पड़ताल

देवघर में दो किशोरों की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए फॉरेंसिक जांच शुरू हो गई है. रांची से आई टीम घटनास्थल और परिजनों से पूछताछ कर रही है. 28 जुलाई से लापता दोनों युवकों के शव पानी भरे गड्ढे से मिले थे.

देवघर : कुंडा थाना मौतक्षेत्र के कुमरडीह तितमो गांव के दो किशोरों की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए फॉरेंसिक जांच शुरू हो गयी है. रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला की दो सदस्यीय टीम शुक्रवार को देवघर पहुंची और मामले की बारीकी से पड़ताल की.

टीम ने सबसे पहले कुंडा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार और कांड के आइओ एसआइ शामू बांदो से घटना की पूरी जानकारी ली. इसके बाद घटनास्थल से शव बरामदगी की तस्वीरें, प्राथमिकी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन किया. टीम ने पूरे क्राइम सीन को बिंदुवार समझने का प्रयास किया.

इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने दोनों मृतक किशोरों की मां, पिता, चाचा और चाची समेत करीब 10 परिजनों से पूछताछ की. घटना से जुड़े अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी लेते हुए टीम का फोकस घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने पर रहा.

कुंडा थाना में खड़ी फोरेंसिक टीम की गाड़ी | Prabhat Khabar Network

कृष्णमुरारी के कमरे में भी हुई जांच

शाम करीब 5:30 बजे थाना प्रभारी और आइओ के साथ फॉरेंसिक टीम मृतक कृष्णमुरारी के घर पहुंची. टीम करीब 10 मिनट तक उसके कमरे में रही. कमरे का जायजा लेने के साथ उसकी किताब और कॉपियां भी मंगाकर देखी गयीं.

इसके बाद शाम करीब 5:40 बजे फॉरेंसिक टीम दोनों परिजनों और कुंडा थाना पुलिस के साथ उस स्थान पर पहुंची, जहां पानी से भरे गड्ढे से दोनों किशोरों के शव बरामद हुए थे. टीम ने करीब पौने घंटे तक घटनास्थल की बारीकी से जांच की. वहां क्राइम सीन क्रियेट कर घटना से जुड़े बिंदुओं को समझने का प्रयास किया गया.

इस दौरान दोनों परिजनों से बारी-बारी से अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी ली गयी. शाम करीब 6:30 बजे टीम वापस कुंडा थाना पहुंची. फॉरेंसिक टीम शनिवार को भी घटनास्थल और मृतकों के घर जाकर जांच करेगी. टीम में रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला के सहायक निदेशक डॉ अमित कुमार और अजय कुमार शामिल हैं.

28 जुलाई से अब तक नहीं सुलझी मौत की गुत्थी

28 जुलाई को दोनों किशोरों के शव बरामद होने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है. मृतक कृष्णमुरारी के पिता राजीव कुमार गुप्ता ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया गया है.

जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई की शाम करीब 4:15 बजे कृष्णमुरारी (14) अपने साथी अरविंद कुमार दास (16) के साथ तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकला था. शाम छह बजे तक दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की.

काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला. इसी बीच पड़ोसी गांव चिहरधनियां के कुछ युवकों ने श्मशान घाट जाने वाले रास्ते में ईंट-भट्ठे के समीप पानी से भरे गड्ढे के पास दो जोड़ी चप्पल और एक साइकिल पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलने पर परिजन वहां पहुंचे. चप्पलों की पहचान दोनों किशोरों की होने की बात सामने आयी. इसके बाद गड्ढे में खोजबीन की गयी, तो दोनों किशोरों के शव मिले.

घटनास्थल से कृष्णमुरारी का मोबाइल फोन और अरविंद की साइकिल नहीं मिली. इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने अज्ञात लोगों पर दोनों किशोरों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने की आशंका जतायी है. अब फॉरेंसिक टीम की जांच और घटनास्थल से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस की आगे की कार्रवाई टिकी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >