वरीय संवाददाता, देवघर : नगर थाना क्षेत्र के कोरियासा-कुंडा बाइपास सड़क पर बंपास टाउन खोरादह के समीप तेजी से जा रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में धक्का मार दिया. घटना में बाइक सवार देवीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर सुलतानपुर गांव निवासी बालेश्वर रवानी व उनकी बहू रेणु देवी घायल हो गये. बालेश्वर के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उनका दायां पैर पूरी तरह से कुचलकर अलग हो गया. घटना दोपहर करीब 12:10 बजे की बतायी जा रही है. स्थानीय लोगों की मदद से सूचना पाकर तुरंत पुलिस पहुंची और घायल ससुर व बहू को इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑन ड्यूटी ऑर्थोपेडिक्स डॉ रविजीत प्रकाश ने दोनों का प्राथमिक उपचार कर वार्ड में भरती करा दिया. घायल बालेश्वर ने बताया कि बहू के साथ वह डीइओ ऑफिस सर्टिफिकेट पर काउंटर साइन कराने देवघर आ रहा था. बाइक पर दोनों ने हेलमेट लगाया था और बाएं साइड से निकल रहे थे. बावजूद अनियंत्रित ट्रक तेजी व लापरवाही से उनलोगों को धक्का मार दिया. इससे वे लोग गिरकर सड़क पर कुछ दूर तक रगड़ाये भी. आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. वहीं ट्रक को पुलिस ने घटनास्थल से जब्त कर लिया है. दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. डॉक्टर द्वारा बालेश्वर को बाहर रेफर कर दिया गया है. हाइलाट्स -नगर थानांतर्गत बंपास टाउन खोरादह के समीप हुई घटना
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
