संवाददाता,देवघर . पर्यावरण जागरुकता को बढ़ावा देने के लिए, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआइ) ने राइड ग्रीन, ब्रीद क्लीन के संदेश के साथ अखिल भारतीय रिले साइक्लिंग अभियान शुरू किया है. यह अभियान 18 फरवरी को कोलकाता हवाई अड्डे से शुरू हुआ है और 1,200 किमी की दूरी तय करते हुए दुर्गापुर, रांची, देवघर जैसे शहरों से होकर गुजरेगा. इसका समापन आठ मार्च को बागडोगरा हवाई अड्डे पर होगा. इस अभियान के चौथे चरण की शुरुआत बुधवार को देवघर से हुई, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए 15 साइकिलिस्ट भाग ले रहे हैं. ये प्रतिभागी प्रतिदिन 75 से 120 किमी की दूरी तय कर रहे हैं और लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ हवा के महत्व के बारे में बताकर जागरूक कर रहे हैं. देवघर एयरपोर्ट के निदेशक रमनदीप सिंह सैनी ने देवघर में आए सभी साइकिलिस्टों का स्वागत किया और उनसे बातचीत करके उन्हें प्रेरित किया. उन्होंने साइकिल चलाने को एक स्वस्थ और टिकाऊ परिवहन साधन के रूप में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे प्रदूषण कम किया जा सके.इस अवसर पर लेग लीडर नवेंद्र प्रियम ने कहा कि,यह अभियान सिर्फ साइकिलिंग का नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक प्रयास है. यदि हम परिवहन के लिए साइकिल का अधिक उपयोग करें, तो हम स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में बड़ा कदम उठा सकते हैं.स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने इस पहल में गहरी रुचि दिखायी. वहीं कई बच्चों ने दैनिक जीवन में साइकिल का अधिक उपयोग करने की शपथ ली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
