पालोजोरी : संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने गुरुवार को पालोजोरी प्रखंड मुख्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रखंड में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की बिंदुवार समीक्षा की. आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में किसी भी वैध (जेनुइन) मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से नहीं कटना चाहिए.
गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत
प्रखंड मुख्यालय पहुंचने पर पुलिस पदाधिकारियों ने आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. इसके बाद वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का निर्देश
SIR प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि पूरी मतदाता सूची की अच्छी तरह जांच कर उसे त्रुटिरहित बनाया जाये. उन्होंने अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करने की हिदायत दी.
अनमैप्ड मतदाताओं के दस्तावेज तैयार कराने पर जोर
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र के ऐसे अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान करें, जिनके कागजात अधूरे हैं. उनके जरूरी दस्तावेज तैयार करवाने में प्रशासन खुद आगे बढ़कर मदद करे, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे.
प्रपत्रों की स्क्रूटनी की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से प्रपत्रों की स्क्रूटनी और सुधार कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली.
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
मौके पर मुख्य रूप से उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी पार्थ नंदन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सहित प्रखंड और अंचल के कई अन्य कर्मी व पुलिस बल के जवान उपस्थित थे.
