मधुपुर. शहर में सड़कों का अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है. अतिक्रमण के कारण प्रत्येक दिन स्टेशन रोड से गांधी चौक होते हुए डालमिया कूप तक भारी जाम लग रहा है. वाहन सवार रेंगते- रेंगते चलने को मजबूर हैं. प्रशासन अतिक्रमण के हटाने के नाम पर समय-समय पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है. स्टेशन रोड में रेलवे स्टेशन के निकट स्थित रेलवे सुरक्षा बल व जीआरपी के बैरक से सटा कर भी दर्जनों दुकान अतिक्रमण कर लगा दिया गया है, जिससे इन बैरकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल किया जा रहा है. स्टेशन गेट से लेकर गांधी चौक तक रेलवे की दीवार से सटाकर पांच दर्जन से भी अधिक दुकान अतिक्रमण कर लगा दिया गया है. रेलवे के जीएम या डीआरएम आने पर ही कुछ घंटे के लिए अतिक्रमण हटाया जाता है. अतिक्रमण से 40 फीट की सड़क घटकर 10 फीट रह गया है. वहीं गांधी चौक में 60 फीट की सड़क घटकर 12 फीट ही बचा है. यही हाल रामचंद्र बाजार हटिया रोड व सरदार पटेल रोड का है. हटिया रोड में करोड़ों की लागत से तीन मंजिला सब्जी मार्केट बनाया गया है. साथ ही सब्जी विक्रेताओं को स्थल भी आवंटित कर दिया गया है. इसके बाद भी मार्केट में सब्जी नहीं बेचकर दुकानदार पूरे दुकान को सड़क के बीचोबीच लगा रहे है. जो राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है. इतना ही नहीं मधुपुर शहर में अतिक्रमणकारियों ने एनएच को भी नहीं छोड़ा है. एनएच 114ए को डालमिया कूप के निकट अतिक्रमण कर दर्जनों दुकानें लगा दी गयी है. वहीं, कोर्ट के पास भी एनएच को अतिक्रमण कर दर्जनों ई-रिक्शा व अन्य वाहन का पड़ाव बना दिया गया है. प्रशासन गांधी चौक समेत कुछ जगहों पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सूचना बोर्ड लगाकर अपने जिम्मेवारी से पल्ला झाड़ लिया है. —————— मधुपुर में 40 फीट चौड़ी सड़क 10 फीट में सिमटी
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
