Deoghar News : कैशबैक का लालच देकर खाते खाली करने वाले आठ साइबर आरोपित गिरफ्तार

कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से कैशबैक का लालच देकर ठगी करने वाले आठ साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

वरीय संवाददाता, देवघर : कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से कैशबैक का लालच देकर ठगी करने वाले आठ साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने बताया कि एसपी के निर्देश पर लगातार अभियान चलाकर पुलिस कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में रविवार को सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के तेतरिया जंगल में गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने छापेमारी की. मौके पर से सारठ थाना क्षेत्र के कपसा गांव निवासी दिलबर अंसारी, पिंडारी गांव निवासी तनबीर अंसारी उर्फ अन्नार अंसारी, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के चंदनपुरा गांव निवासी लुकमान अंसारी, पथरड्डा ओपी क्षेत्र के दुधवाजोरी गांव निवासी जितेंद्र दास, साजन महरा, विष्णु महरा, उत्तम महरा व रंगामटिया गांव निवासी राजेश महरा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनलोगों के पास से नौ मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड व तीन प्रतिबिंब सिम बरामद किया है. जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ग्रामीणों को पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे. ये सभी खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर फोन करते थे और भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को लिंक भेजते थे. लिंक पर क्लिक करवाकर उनसे पैसे की ठगी की जाती थी. पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे और उनसे बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर थाना के इंस्पेक्टर नागेंद्र कुमार मंडल कर रहे थे, जिनके साथ एसआइ विशेश्वर कुमार और सारठ थाने व पथरड्डा ओपी की पुलिस टीम सहित सशस्त्र बल शामिल थे. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उल्लेखनीय है कि जनवरी से अब तक देवघर जिले में साइबर ठगी के 772 आरोपित गिरफ्तार किये जा चुके हैं. पुलिस ने इनके पास से 951 मोबाइल फोन और 1199 सिम कार्ड बरामद किये हैं, जिसमें 279 प्रतिबिंब एप पर अपलोड सिम बरामद हुए है. हाइलाइट्स पुलिस ने आरोपितों को सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के तेतरिया जंगल से किया गिरफ्तार आरोपितों के पास से नौ मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड व तीन प्रतिबिंब सिम बरामद

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >