वरीय संवाददाता, देवघर. साइबर थाने की विशेष टीम ने जसीडीह थाना क्षेत्र के सुजानी नर्सरी के समीप छापेमारी कर आठ युवकों को गिरफ्तार किया है. यह सभी बैंक अधिकारी बनकर आम लोगों से ठगी कर रहे थे. इन आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश कराया गया और कोर्ट के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में पालोजोरी थाना क्षेत्र के वेदगांवा नवाडीह गांव निवासी सगे भाई अरबाज अंसारी व शहबाज अंसारी, पाथरौल थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी कपिल कुमार दास, बबलू दास, ठेंगाडीह गांव निवासी सचिन मंडल, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के केंदुआटांड़ गांव निवासी राजेश मंडल, सारवां थाना क्षेत्र के बरमोतरा गांव निवासी वारिस अख्तर व फैयाज अंसारी शामिल हैं. आरोपितों के पास से आठ मोबाइल सहित 15 सिम कार्ड व तीन प्रतिबिंब टारगेटेड सिमकार्ड जब्त किये गये हैं. जांच में आरोपितों के पास से बरामद जब्त मोबाइल नंबरों के खिलाफ प्रतिबिंब एप पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं. पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर फर्जी मोबाइल नंबर से उपभोक्ताओं को कॉल कर झांसे में लेते थे और केवाइसी अपडेट कराने के नाम पर ठगी करते थे. छापेमारी टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर राकेश कुमार रवि, एसआइ अजय कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे. ॰साइबर थाने की पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र के सुजानी नर्सरी के समीप की छापेमारी ॰आठ मोबाइल सहित 15 सिम कार्ड व तीन प्रतिबिंब टारगेटेड सिमकार्ड किया जब्त ॰जब्त मोबाइल नंबरों के खिलाफ मिली ऑनलाइन शिकायतें
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
