मधुपुर : शहर स्थित थाना परिसर में शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता एसडीओ राजीव कुमार ने की. उन्होंने सभी पक्षों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की. बैठक में कई प्रबुद्ध लोगों ने ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की. लोगों ने बारी-बारी से अपना पक्ष रखा. एसडीपीओ सतेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी डीजे संचालकों को कड़ी हिदायत दी गयी है. सोशल मीडिया पर नजर रखने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर पुलिस काम करेगी. उन्होंने कहा कि बैठक में लिये गये निर्णयों का शत-प्रतिशत पालन करवाना सभी का दायित्व है.
जुलूस में डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित, हुड़दंगियों पर होगी कार्रवाई
एसडीपीओ ने कहा कि डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. जुलूस शांति व सौहार्द के साथ मनाया जाये. यातायात व्यवस्था, सफाई के साथ जुलूस के बाद बाइक राइडर्स पर भी नजर रहेगी. दो दिन पूर्व से ही देवघर डीटीओ की ओर से वाहन चेकिंग अभियान चलाने के लिए अपील की गयी है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और रूट डायवर्ट किया जायेगा. हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और इस पर कोई पैरवी नहीं की जायेगी.
आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
सीओ यामुन रविदास ने मधुपुरवासियों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की. बैठक का संचालन थाना प्रभारी राजीव कुमार ने किया. मौके पर पूर्व नप अध्यक्ष फैयाज कैसर, गुलाम अशरफ, अरविंद कुमार, मो मोशर्रफ हुसैन, एनुअल होदा, मो राजा, हाजी अल्ताफ, सलाउद्दीन शेख, राजेश दास, गौरव जयसवाल, रशीद खान, नगर परिषद के नगर प्रबंधक सुभाष हेंब्रम, अनुमंडल अस्पताल के डाक्टर संजीत कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
