प्रभात खबर टोली, देवघर/मोहनपुर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के रिखिया बाइपास सड़क पर दोमुहान गांव के आगे नदी पर बने पुल के पास स्कॉर्पियो सवार सशस्त्र अपराधियों ने एक बकरी लदे पिकअप वैन के चालक को गोली मारकर घायल कर दिया. साथ ही 55 हजार रुपये और मोबाइल लूट कर भाग निकले. घटना शुक्रवार की अहले सुबह की बतायी जा रही है. पिकअप चालक नगर थाना क्षेत्र के झौसागढ़ी सुंदरबांध निवासी विजय प्रसाद मेहता के दायें बांह में गोली लगी है. उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. इधर, मोहनपुर पुलिस ने रिखिया पुलिस के सहयोग से रढ़िया इलाके से पिकअप वाहन को बरामद कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन में चालक के साथ व्यापारी राजेंद्र यादव भी बैठे थे. वे लोग गढ़वा से बकरी खरीदकर देर रात में चकाई के रास्ते लौट रहे थे. देर रात में देवघर के एक व्यापारी को भी कुछ बकरियां दी. इसके बाद मोहनपुर थाना क्षेत्र के व्यापारी राजेंद्र के घर बकरी पहुंचाने जा रहा था. रिखिया-मोहनपुर बाइपास रोड पर दोमुहान पुल के पास ओवरटेक कर स्कार्पियो सवार अपराधियों ने उनलोगों के पिकअप वैन को रोक लिया. इसके बाद गाड़ी से उतार कर चालक को गोली मार दी. स्कॉर्पियो पर आठ की संख्या में पिस्तौल से लैस बदमाश सवार थे. सभी ने गमछे से चेहरे को ढ़क रखा था और लोकल भाषा में बातचीत कर रहे थे. इस दौरान व्यापारी राजेंद्र प्रसाद किी तरह जान बचाकर भाग निकला. दूसरी ओर चालक विजय को अपराधियों ने अपने स्कॉर्पियो में बैठाकर बंधक बना लिया. वहीं उसके पास से नगद 55000 रुपये सहित पर्स में रखा एटीएम कार्ड, पेन कार्ड, आधार कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस व स्कूटी का ऑनर बुक और उसकी मोबाइल उनलोगों ने छीन लिये. साथ ही दो व्यापारियों इंद्रदेव यादव व राजेश्वर यादव व बकरी लदे पिकअप वैन लेकर अपराधी भागने लगे. पिकअप चालक व दोनों व्यापारियों के आंख में अपराधियों ने पट्टी बांध दी थी. रास्ते में गाड़ी धीरे होने पर व्यापारी इंद्रदेव कूदकर भाग गया. वहीं पिकअप चालक विजय व व्यापारी राजेश्वर को अपराधियों ने मोहनपुर बाजार पहुंचने के पूर्व झाड़ी में फेंक दिया और वे लोग बकरी लदे गाड़ी घूमाकर रिखिया की तरफ भाग निकले. इस बीच घायल पिकअप चालक विजय व व्यापारी राजेश्वर मामले की शिकायत देने मोहनपुर थाना पहुंचा. मामले की जानकारी होते ही मोहनपुर थाने की पुलिस हरकत में आयी. रिखिया थाने के सहयोग से मोहनपुर थाने की पुलिस ने उनलोगों का पीछा करना शुरू किया. पुलिस के पीछे आते देख रिखिया के बॉर्डर इलाके रढ़िया जंगल के पास बकरी लदे पिकअप को छोड़कर सभी अपराधी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से बिहार के बांका इलाके में भाग निकले. इस संबंध में घायल पिकअप चालक विजय की शिकायत पर मोहनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. दूसरी ओर अहले सुबह करीब 3:45 बजे मोहनपुर थाने की पुलिस द्वारा घायल पिकअप चालक विजय को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया. मोहनपुर थाने की पुलिस ने रिखिया पुलिस के सहयोग से रढ़िया इलाके से पिकअप वाहन को बरामद कर लिया.हाइलाइट्स
-रिखिया-मोहनपुर बाइपास सड़क पर दोमुहान गांव के आगे नदी पर बने पुल के पास हुई घटना-गोली मारने के बाद चालक व दो व्यापारियों को भी बंधक बनाकर भाग रहे थे अपराधी
-मोड़ पर धीरे हुई गाड़ी तो एक व्यापारी कूदकर भाग निकला, इसके बाद चालक व एक व्यापारी को मोहनपुर बाजार के पूर्व झाड़ी में फेंका– सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रढ़िया जंगल के पास बकरी लदा वैन किया बरामद
-स्कॉर्पियो सवार आठ अपराधी भाग निकले बिहार इलाके में, जांच में जुटी पुलिस-घायल पिकअप चालक का इलाज कराया गया सदर अस्पताल में
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
