मधुपुर. सोमवार को शाम ढलते ही हर घर, दुकान व प्रतिष्ठान की दहलीज पर जगमगाते दीपक की रोशनी के बीच घर आंगन में सजी खूबसूरत रंगोली के साथ लक्ष्मी का प्रवेश हुआ. शहर उत्साह व उत्सव की चकाचौंध में रम गया. इस दौरान आतिशबाजी भी होती रही. परंपरागत मिट्टी के दीये के साथ विद्युत बल्बों के रंग-बिरंगी झालरों से इमारत झिलमिलाती रही. बच्चों ने न केवल अपने घरों में बने घरौंदे को सजाया और रोशन किया, बल्कि बड़े ही उत्साह के साथ पूजा-अर्चना भी की. सुबह से ही परिवार व रिश्तेदारों द्वारा दीपावली की शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी रहा. दीपावली पर मंदिर, घर व दुकानों में खास अनुष्ठान हुए. श्रद्धालु महिलाएं अनुमंडल मुख्यालय के श्रीराम मंदिर ठाकुरबाड़ी, पंचमंदिर व अन्य मंदिरों में भी पहुंचकर दीपक व मोमबत्ती जलाए. शहर के श्रीश्री सिद्धेश्वरी महाकाली पूजा समिति, मीना बाजार, न्यू कॉलोनी, कालीपुर टाउन, केला बगान, पुलपार के मंदिर पंडालों में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान के साथ शक्ति स्वरूपा एवं दानव रक्तबीज के संहारक आदि शक्ति मां दुर्गा की एक अन्य रूप मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
