देवघर: श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, VIP दर्शन पर रोक और फेस रिकग्निशन सिस्टम लागू

Deoghar News: देवघर में श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर हाईलेवल बैठक में VIP दर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध, फेस रिकग्निशन और AI तकनीक लागू करने का बड़ा फैसला लिया गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

देवघर से संजीत मंडल की रिपोर्ट  

Deoghar News: झारखंड के देवघर जिले में आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर रविवार को देवघर सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के पर्यटन सह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की. बैठक में मेला से जुड़ी सभी विभागीय तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. मंत्री ने स्पष्ट कहा कि 31 जुलाई से शुरू होने वाले विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर अनुभव देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला झारखंड की पहचान है और यहां से श्रद्धालु मधुर स्मृतियां लेकर लौटें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.

VIP दर्शन पर सख्त फैसला

मंत्री सुदिव्य कुमार ने बड़ा निर्णय लेते हुए कहा कि मेले के दौरान आउट ऑफ टर्न (VIP/VVIP) दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा. इसका उद्देश्य आम श्रद्धालुओं को बिना भेदभाव सुगम जलार्पण की सुविधा देना है.

हाईटेक होगा मेला क्षेत्र

मेला को आधुनिक तकनीक से लैस करने के निर्देश दिए गए. इसमें फेस रिकग्निशन, AI बेस्ड कंट्रोल रूम, ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, डिजिटल हेल्पलाइन और QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम शामिल हैं.

बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, कूड़ा प्रबंधन, स्वास्थ्य केंद्र, मातृत्व केंद्र, सूचना सहायता केंद्र, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई को 24×7 दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया.

बिजली पोल शिफ्टिंग और फोरलेन कार्य

दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया कांवरिया पथ के बीच बिजली के पोल को मेला से पहले हटाने का निर्देश दिया गया. साथ ही देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन को भी मेला पूर्व पूरा करने पर जोर दिया गया.

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर फोकस

भीड़ नियंत्रण, अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए. अस्थायी ढांचे की बजाय पक्की और स्थायी इमारतें बनाने पर जोर दिया गया.

श्रद्धालुओं के लिए जागरूकता अभियान

ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली पर यात्रा को खतरनाक बताते हुए मंत्री ने व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया. श्रद्धालुओं से बस, ट्रेन जैसे अधिकृत साधनों के उपयोग की अपील की जाएगी.

महत्वपूर्ण निर्णय 

  • 31 जुलाई से श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ
  • VIP और VVIP दर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित
  • फेस रिकग्निशन और AI तकनीक का उपयोग
  • QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम लागू होगा
  • दुम्मा-खिजुरिया पथ पर बिजली पोल शिफ्टिंग
  • देवघर-बासुकीनाथ फोरलेन कार्य पूरा करने का निर्देश
  • 24 घंटे पेयजल, शौचालय, सफाई और स्वास्थ्य सुविधा
  • ट्रैफिक, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की सुदृढ़ व्यवस्था
  • अस्थायी के बजाय स्थायी संरचनाओं पर जोर
  • ओवरलोडेड ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सख्त निगरानी

सभी अतिथि को देवघर डीसी ने दिया स्मृति चिन्ह

बैठक के बाद डीसी शशि प्रकाश सिंह ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह और पर्यटन सचिव मुकेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया.

यह भी पढ़ें: नेतरहाट टनल रोड प्रोजेक्ट: विभाग को नहीं मिला कोई ‘योग्य’ कंसल्टेंट, अब नए सिरे से शुरू हुई विशेषज्ञों की तलाश!

यह भी पढ़ें: झारखंड शिक्षक नियुक्ति में बड़ी कार्रवाई की तैयारी: दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज, अयोग्य शिक्षकों की जाएगी नौकरी!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >