प्रमुख संवाददाता, देवघर : देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बिना परेशानी जलार्पण कराने के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन ने श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज कर दी है. डीसी शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि मेला का केंद्र बिंदु श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधन होगा. इसी को लेकर समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को जिम्मेदारियां तय कर समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया. डीसी ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों का विस्तृत एक्शन प्लान बनाकर शीघ्र समर्पित करने को कहा. साथ ही मेला से पूर्व ही आवश्यक संसाधन और फंड की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
विद्युत व्यवस्था पर विशेष सतर्कता, पोल शिफ्टिंग के आदेश
डीसी ने बाबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित करने का निर्देश दिया. कांवरिया पथ में दुम्मा से देवघर तक बाधा बन रहे बिजली के पोल को समय रहते शिफ्ट करने और तारों को दुरुस्त करने को कहा.
कांवरिया पथ से लेकर आवासन तक, हर सुविधा को अपग्रेड करें
उन्होंने मेला के दौरान कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाव, रूट लाइन में पंडाल, पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, साफ-सफाई और आवासन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया. डीसी ने कहा कि श्रद्धालुओं को देवघर से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें ऐसी बेहतरीन व्यवस्था करें.
सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट रहेगा प्राथमिकता में
डीसी ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा निगरानी, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर विशेष योजना बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया. डीसी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन, विद्युत समेत सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर होगा पुख्ता इंतजाम : एसपी
मौके पर एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. इसके लिए पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है. सभी संवेदनशील स्थलों की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी. बैठक में डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, एसी हीरा कुमार, एसडीओ रवि कुमार, सिविल सर्जन, डीटीओ, एसडीपीओ, डीएसओ अ उपस्थित थे.
हाइलाइट्स– हरेक विभाग जिम्मेदारी से काम करे, श्रद्धालुओं को मिले बेहतरीन अनुभव: डीसी
-सुगम जलार्पण को केंद्र में रखकर तैयार हो रही मेला योजना-हर विभाग को समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का टारगेट-कांवरिया पथ पर सुरक्षा के मद्देनजर बड़े स्तर पर सुधार कार्य-श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने पर प्रशासन का फोकस
