प्रतिनिधि, देवीपुर. देवीपुर प्रखंड के विभिन्न मुस्लिम आबादी वाले गांवों में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन धूमधाम और अकीदत के साथ मनाया गया. शंकरपुर, समलापुर, रहबाद, झूमरबाद समेत दर्जनों गांवों में इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. पर्व को लेकर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में उत्साह देखा गया.
शंकरपुर में निकला भव्य जुलूस
शंकरपुर गांव में मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया. जुलूस में नूर कमेटी शंकरपुर के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए और धार्मिक संदेशों के साथ गांव का भ्रमण किया.
ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से कसीदे पढ़े गये. पूरे जुलूस के दौरान धार्मिक और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा.
अमन, मुहब्बत और इंसाफ का दिया संदेश
जुलूस में शामिल लोगों ने दुनिया में अमन, मुहब्बत और इंसाफ का संदेश दिया. लोगों से मानवता की भावना को मजबूत करने और आपसी भेदभाव मिटाने की अपील की गयी.
इस दौरान लोगों ने हजरत मोहम्मद साहब के बताये मार्ग पर चलने का प्रण लिया. वक्ताओं ने कहा कि उनके जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है.
बेहतर समाज और देशभक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब के बताये रास्ते पर चलकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है. उनकी शिक्षाएं मानवता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देती हैं. साथ ही युवाओं में देशभक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने पर भी जोर दिया गया.
मौके पर मुखिया सुभाष यादव, समाजसेवी ओम प्रकाश यादव, पूर्व जिप सदस्य महेंद्र यादव, नरेश प्रसाद यादव, सहदेव यादव, प्रकाश मंडल, शालिग्राम मंडल, असगर मियां, अब्दुल सुभान, अकबर सेक्रेटरी, सदर तस्लीम, अलाउद्दीन, मुस्लिम मियां और मुबारक अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
