देवघर: नगर थाना क्षेत्र के पुरनदाहा राजेंद्र नगर मुहल्ला स्थित जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मी भोला प्रसाद यादव के बंद घर में दिनदहाड़े हुई चोरी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों और चोरी के जेवर खरीदने वाले आभूषण दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया तथा कोर्ट के निर्देश पर मंडल कारा भेज दिया गया.
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपितों में नगर थाना क्षेत्र के हिरना जुम्मन नगर निवासी अजहरुद्दीन शेख, आसिफ शेख और जून पोखर मुहल्ला निवासी आभूषण दुकानदार सुरेश पोद्दार शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य के आधार पर पहले हिरना मुहल्ले में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आभूषण दुकानदार के यहां छापेमारी की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपितों ने चोरी के जेवरात दुकानदार को बेचे थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया.
छापेमारी टीम ने आरोपितों की निशानदेही पर दो जोड़ी पायल का गलायी हुई चांदी और एक सोने की कनबाली बरामद की है. कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर सहित एसआइ मुकेश कुमार, घनश्याम गंझू, मुकेश कुमार तिवारी, सुमंत प्रसाद, सूरज कुमार, यासीन अंसारी, शंकर रजक समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
