देवघर में कार्बाइन के साथ अपराधी गिरफ्तार, दो मैगजीन और मोबाइल बरामद

देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर कार्बाइन मशीन गन और दो मैगजीन के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी.

देवघर: कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर कार्बाइन मशीन गन के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी परमेश्वर चौक निवासी सूरज कुमार सिंह (28), पिता भरत सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया गया है.

एसपी प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय स्थित सभाकक्ष में प्रेस वार्ता कर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी.

हथियारों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस

एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधकर्मी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के इरादे से बैठे हैं.

सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गयी. पुलिस टीम को देखते ही एक अपराधी भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.

गंजी के अंदर छिपाकर रखा था हथियार

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के शरीर के बायीं ओर गंजी के अंदर छिपाकर रखा एक थैला बरामद हुआ.

थैले की तलाशी लेने पर उसमें काले रंग की कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल मिला. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

बालू कारोबारी के लिए मुंगेर से लाया था कार्बाइन

एसपी ने बताया कि पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि सूरज ने उक्त कार्बाइन कुछ वर्ष पूर्व बालू कारोबारी दीपक झा के लिए बिहार के मुंगेर से खरीदकर लायी थी.

दीपक झा को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, दीपक ने करीब दो वर्ष पहले जसीडीह थाना क्षेत्र के बसंतपुर में बालू घाट का टेंडर लिया था.

पुलिस के मुताबिक, उस दौरान बाबा गिरोह के सदस्य उसे रंगदारी के लिए परेशान कर रहे थे. इससे बचने के लिए दीपक ने सूरज से कार्बाइन सहित अन्य हथियार खरीदकर मंगवाये थे.

अन्य हथियारों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस के अनुसार, फिलहाल कार्बाइन की आवश्यकता नहीं होने पर दीपक ने सूरज को उसे बेचने के लिए कहा था.

दीपक की निशानदेही पर कुंडा थाना पुलिस अन्य हथियारों की बरामदगी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है.

पहले भी जेल जा चुका है सूरज

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है.

वह देवीपुर थाना कांड संख्या 137/19 में धारा 392 भादवि के तहत दर्ज लूट के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है. इसके अलावा बिहार के बांका थाना क्षेत्र में शराब के अवैध परिवहन के मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस को मिली है.

पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

एसपी के निर्देश पर गठित छापेमारी दल में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, एएसआइ शिवयतन मुर्मू समेत तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी रियाजुल हक, चंदन कुमार साह और प्रवीण कुमार शामिल रहे.

इसके अलावा चौकीदार अनिल मंडल और सच्चिदानंद मंडल ने भी छापेमारी अभियान में सहयोग किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >