मधुपुर. प्रखंड सह अंचल कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को राजस्व वसूली को लेकर सीओ यामुन रविदास ने अंचल कर्मियों के साथ बैठक की, जिसमें अंचल क्षेत्र में चल रहे राजस्व वसूली अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया. सीओ श्री रविदास ने कहा कि राजस्व वसूली सरकार की प्राथमिकता में शामिल है. इसलिए सभी कर्मी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का प्रयास करें. उन्होंने कहा कि बकाया राजस्व की वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. सीओ ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की सूची तैयार कर नियमित रूप से उनकी समीक्षा कर जिन मामलों में अधिक बकाया है, वहां विशेष अभियान चलाकर वसूली करें. उन्होंने राजस्व वसूली के दौरान आम लोगों से शालीनता और पारदर्शिता के साथ व्यवहार करने का निर्देश दिया. ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे. बैठक में अंचल कार्यालय के विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा किया गया. उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें. कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें. मौके पर अंचल निरीक्षक निरंजन रजक, प्रधान लिपिक खुर्शीद आलम, राजस्व कर्मी उज्ज्लल लकड़ा, रंजीत झा, सुनील कुमार आदि मौजूद थे.
राजस्व वसूली अभियान तेज करने पर दिया जोर
मधुपुर: राजस्व वसूली को लेकर सीओ ने की बैठक
