चितरा. चितरा थाना में कार्यरत 34 ग्रामीण पुलिस (चौकीदार-दफादार) को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीण पुलिस कर्मियों का कहना है कि नियमित भुगतान नहीं होने से परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, राशन और इलाज जैसे आवश्यक खर्चों का प्रबंधन प्रभावित हो रहा है. ग्रामीण पुलिस कर्मियों ने बताया कि वे गांवों में शांति व्यवस्था बनाये रखने, अपराध संबंधी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने और प्रशासनिक कार्यों में लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. इसके बावजूद वेतन लंबित रहने से कई कर्मियों को उधार लेकर घर चलाना पड़ रहा है. इस संबंध में ग्रामीण पुलिस रामबिलास मिर्धा, मनोज रवानी, अमित मरांडी, सरोज मरांडी, विकास किस्कू, श्रीकांत भोक्ता, अनूप राय और सूरज सिंह समेत अन्य ग्रामीण पुलिस कर्मियों ने विभाग से जल्द बकाया वेतन जारी करने की मांग की है. उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में लगातार तीन माह तक वेतन नहीं मिलना गंभीर समस्या बन गयी है. ग्रामीण पुलिस कर्मियों ने बताया कि सारठ व पत्थरड्डा थाना क्षेत्र के ग्रामीण पुलिस कर्मी भी वेतन भुगतान में हो रही देरी से परेशान हैं. उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र पहल कर लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है.
चौकीदार-दफादार ने बकाया बकाया वेतन भुगतान की उठायी मांग
चितरा: तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर आर्थिक संकट में ग्रामीण पुलिस कर्मी
