चितरा. समाज को नशामुक्त बनाने एवं युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से चितरा पुलिस द्वारा रविवार को थाना क्षेत्र के नारंगी मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर परिसर एवं नारंगी मोड़ चौक पर नुक्कड़ सभा का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी विपिन कुमार ने किया. इस अवसर पर थाना प्रभारी विपिन कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर अभिशाप है. नशीले पदार्थों के सेवन से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है तथा कई सामाजिक और आपराधिक घटनाओं को भी बढ़ावा मिलता है. उन्होंने कहा कि शराब, गांजा, ब्राउन शुगर तथा अन्य मादक पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के साथ आर्थिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है. पुलिस प्रशासन नशे के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रख रहा है और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. अंत में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया. मौके पर एसआई शेतलाल बारला, मुखिया महादेव सिंह, उदय सिंह, शिवपूजन सिंह, जन्मजेय सिंह, सुवेश्वर राणा, बहस सिंह, अस्तु हजारी, राजीव सिंह, विजय नापित, अनिल सिंह, केलू सिंह, विश्वजीत सिंह, मृत्युंजय सिंह आदि मौजूद थे.
चितरा पुलिस ने नारंगी मोड़ पर चलाया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, लोगों ने लिया संकल्प
नारंगी मोड़ चौक पर नुक्कड़ सभा का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया
