मधुपुर : झील तालाब पर व्रतियों ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पर्व का हुआ संपन्न

मधुपुर. चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने सोमवार को अस्ताचलगामी व मंगलवार को उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. व्रतियों ने पूरी निष्ठा व उत्साह के साथ ””नहाय-खाय”” और ””खरना”” का पालन करने के बाद संपूर्ण सृष्टि के जनक सूर्य देवता को अपनी आस्था, समर्पण और विश्वास का अर्घ्य चढ़ाया. चार दिवसीय व्रत के दौरान पूरे शहर में छठ की धूम रही. वहीं, छठ गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा. शहर के खलासी मोहल्ला, मीना बाजार, केलाबागान, डंगालपाड़ा, भेड़वा, थाना रोड, पंचमंदिर रोड सहित तमाम गली-मोहल्लों में छठ की पवित्रता के प्रति आस्था प्रदर्शित करते हुए उत्साही युवाओं की टोलियां व्रतियों के गुजरने वाले रास्तों की सफाई व बिजली की व्यवस्था में की गयी थी. इस बार छठ घाट की भव्ययता देखने में बन रही थी. छठ घाटों की साफ-सफाई कराकर बिजली की आकर्षक व्यवस्था की गयी थी. झील तालाब छठ पूजा समिति द्वारा अग्रेशन चौक से लेकर छठ घाट तक रंग-बिरंगी लाइट्स, तोरण द्वार, फूलों की सजावट, पंडाल और प्रसाद वितरण का प्रबंध किया गया था. कई संगठनों द्वारा विभिन्न स्थानों पर नि:शुल्क दूध और अगरबत्ती का वितरण भी किया गया. वहीं, समाजसेवी ऋषभ भारद्वाज व उनकी टीम ने तोरण द्वार बनाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद व दूध का वितरण किया. इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा व आस्था व्यक्त किया. शहर के व्रतियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र झील तालाब और पम्पू तालाब रहा. झील तालाब पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की. घाट पर भव्य पंडाल का निर्माण कर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित की गई और पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की गयी. वहीं घाट पर खिलौने, बैलून, पटाखे, चार्ट, पकौड़े और चाय-पान के कई स्टॉल लगे थे. अन्य घाटों जिसमें लालगढ़, मछुआटांड़, मीना बाजार व मोहनपुर छठ घाट के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की नदियों व तालाबों पर भी छठ की धूम रही. चारों ओर छठ गीतों से धार्मिक वातावरण बना रहा. इस बार झील तालाब छठ पूजा समिति द्वारा उगते सूर्य को बनारस गंगा आरती के तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया गया. इस आरती को बनारस से आये पुरोहितों ने संपन्न कराया, जो पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा. हाइलार्ट्स : विश्वास, त्याग, तपस्या के साथ लोगों ने किया छठ पर्व घाट पर खिलौने, बैलून, पटाखे, चार्ट, पकौड़े और चाय-पान के लगे थे स्टॉल

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BALRAM

BALRAM is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >