मधुपुर: शहर के संत जोसेफ उच्च विद्यालय परिसर में वार्ड संख्या 2 एवं 3 के मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ व बीएलए टू की बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता बीएलए टू वार्ड पार्षद नौशाद आलम ने की. बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करना था.
बैठक में जिला निर्वाचन कार्यालय से आये प्रभात कुमार व प्रमोद कुमार ने बीएलओ, बीएलए, शिक्षकों तथा अन्य सहयोगियों के साथ मृत्यु, अन्य जगहों में शिफ्ट हुए श्रेणी के मतदाताओं की सूची का गहन सत्यापन कराया गया.
अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो गये हैं, जो लंबे समय से अनुपस्थित है अथवा जिनके नाम दोहरी प्रविष्टि के रूप में दर्ज हैं, उनकी सही पहचान कर निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रपत्रों में जानकारी दर्ज किया जाये.
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ स्तर पर घर-घर जाकर सत्यापन किया जाये, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र नामों को नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से हटाया जा सके. उन्होंने सभी बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूची तैयार कर बूथवार मतदाता सूची का मिलान करने का निर्देश दिया.
अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना है, जिससे आगामी चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराया जा सकें.
इस अवसर पर संत जोसेफ उच्च विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर दिव्या मिंज, बीएलए-2 फलाउद्दीन, शिक्षक सादिक काजमी, पंकज कुमार सिंह, शिक्षिका गुल अफसां, शिक्षक मो सलाउद्दीन, बीएलओ गजला शाहीन, फरहानाज, हाजी मुख्तार उल हक अंसारी आदि मौजूद थे. -- मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ व बीएलए टू की बैठक आयोजित
