वरीय संवाददाता, देवघर . देवघर शहर ही नहीं बल्कि जिले के दूसरे थाना क्षेत्र में भी छिनतई व झपटमारी की घटनाएं काफी बढ़ गयी है. छिनतई करने वाले बदमाशों का मनोबल ऐसा बढ़ा है कि बाइक में जा रहे लोगों व महिलाओं से भी वे लोग छिनतई करने लगे हैं. शनिवार सुबह करीब 10 बजे देवघर-सारठ मुख्य पथ पर कुंडा थाना क्षेत्र के घाटघर के समीप इसी तरह का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक सारठ थाना क्षेत्र के बगडबरा गांव निवासी चिराउद्दीन अंसारी की पत्नी जैबुन बीबी अपने देवर कलमुद्दीन अंसारी के साथ बाइक से देवघर कोर्ट आ रही थी.
उसी दौरान सारवां से निकलते ही बाइक पर सवार दो बदमाश आगे-पीछे कर रहे थे. इस बीच उनलोगों की बाइक घाटघर के पास आयी तो बदमाशों ने उन लोगों के बगल में बाइक लायी और जेबुन के हाथ से नकद 5000 रुपये व मोबाइल भरे पर्स की छिनतई कर ली. जेबुन ने पर्स मजबूती से पकड़ा था, जिसके कारण छीना-झपटी में बदमाशों की बाइक का संतुलन बिगड़ गया. दोनों बदमाश बाइक सहित सड़क पर गिर गये. वहीं जेबुन व उसका देवर भी सड़क पर गिर पड़े.बाइक से गिरने के बाद बदमाशों ने की भागने की कोशिश, पकड़े गये
घटना में एक बदमाश के पैर में गंभीर चोट लगी. वह सड़क पर ही गिरा रहा, जबकि उसका साथी रुपये व मोबाइल निकालकर पर्स फेंकते हुए जंगल की तरफ भाग निकला. उन लोगों के हो-हल्ला करने पर राहगीरों व स्थानीय लोग भी जंगल की तरफ दौड़े और बदमाश को खोजकर पकड़ा और सड़क पर गिरे हुए बदमाश को भी पकड़कर कुंडा थाने को सूचना दी. सूचना मिलते ही कुंडा थाने के एसआइ सौरभ राज पुलिस बलों के साथ वहां पहुंचे. मामले की सूचना पाकर सारवां थाना प्रभारी संदीप भगत भी पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. बदमाशों को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया. पूछताछ में एक बदमाश ने अपना नाम अशोक यादव ग्राम टेहुनियां व दूसरे बदमाश ने अपना नाम दशरथ यादव पता दोनिहारी बताया. घटना में जेबुन के हाथ की कलाई सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आयी है. वहीं उसके देवर कलमुद्दीन के घुटने में चोट लगी है. दोनों बदमाशों के पकड़े जाने के बाद भीड़ में मौजूद लोगों ने उन दोनों की पिटाई भी कर दी. घटना के बाद घायल जेबुन व उसके देवर और चोटिल दोनों बदमाशों को कुंडा थाने की पुलिस ने सदर अस्पताल लाकर इलाज कराया. वहीं बदमाशों की बाइक जब्त कर पुलिस कुंडा थाने ले आयी. जेबुन की शिकायत पर कुंडा थाने में 5000 रुपये सहित मोबाइल छिनतई की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. दोनों बदमाशों को पुलिस हिरासत में रखकर पूछताछ कर रही है.आर्म्स एक्ट समेत दो कांड में फरार था दशरथ
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छिनतई में पकड़े गये दशरथ के खिलाफ फरवरी 2024 में कुंडा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी. वहीं इस माह नौ फरवरी को भी दशरथ के खिलाफ एक मामला कुंडा थाने में दर्ज हुआ था. उक्त दोनों मामले में उसके फरार रहने की बात सामने आ रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
