फाइलेरिया की रोकथाम के लिए निकाली जागरुकता रैली

एम्स देवघर ने प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर में फाइलेरिया की रोकथाम को लेकर मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन अभियान आयोजित

देवीपुर. एम्स देवघर ने सोमवार को प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर में फाइलेरिया की रोकथाम को लेकर मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन अभियान के अंतर्गत कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय के मार्गदर्शन में जागरुकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम एनसीवीबीडीसी के सहयोग से आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. डाॅ प्रतिमा गुप्ता, माइक्रोबायोलॉजी डीन रिसर्च एम्स देवघर द्वारा किया गया. जबकि डाॅ अभिजीत वी बोर्तने विशेष रूप से उपस्थित रहे. इस आयोजन का सफल संचालन डाॅ विजित विश्वास, सहायक प्राध्यापक, सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग एवं एमडीए को-ऑर्डिनेटर एम्स देवघर द्वारा किया गया. रैली शंकरपुर स्टेशन से शुरू होकर भोजपुर गांव पहुंची. वहीं भोजपुर मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के सामने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया. जिसमें एमबीबीएस छात्रों ने लिम्फैटिक फाइलेरिया के कारण, प्रभाव, पर्यावरणीय स्वच्छता और एमडीए दवा के सेवन की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय समुदाय को इस बीमारी के प्रति जागरूक किया गया और दवा सेवन के महत्व को समझाया गया. रैली के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाये. नारों के माध्यम से जनसमुदाय को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया गया. बताया गया की फाइलेरिया एक गंभीर परजीवी रोग है, जिससे हाथी पांव और विकलांगता हो सकती है. इसे केवल एमडीए दवा के नियमित सेवन से रोका जा सकता है. इसका उद्देश्य लिम्फेटिक फाइलेरियासिस की रोकथाम के लिए दवाओं के सेवन को प्रोत्साहित करना और समुदाय को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >