चितरा. थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरा-बस्ती पालोजोरी मुख्य पथ पर आठ नंबर ओबी डंप के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा. मृतक की पहचान बनवारी डंगाल निवासी अमित कुमार मरांडी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि अमित बाइक से जोरिया स्नान कर वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान आठ नंबर ओबी डंप के पास कच्चे रास्ते से मुख्य सड़क पर चढ़ते समय ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली तार अचानक टूटकर उसके ऊपर गिर पड़ा. तेज करंट की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि जर्जर बिजली तारों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है. सूचना मिलने पर सीओ सारठ कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा, पालोजोरी सर्किल इंस्पेक्टर सुकांत त्रिपाठी, थाना प्रभारी विपिन कुमार, अंचल निरीक्षक विभाष कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने और उचित मुआवजे की घोषणा तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए. काफी मशक्कत के बाद बिजली विभाग के एसडीओ सोमेश कुमार घटनास्थल पहुंचे. इस दौरान विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह की मौजूदगी में ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई. बातचीत के बाद विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को छह लाख रुपये मुआवजा, मृतक के पिता को अनुबंध पर नौकरी तथा सरकारी प्रावधान के अनुसार अन्य सहायता देने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया. जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. बताया गया कि अमित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. बेटे की मौत के बाद पिता सुभाष मरांडी और माता धनमुनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं. घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग के प्रति लोगों में भारी नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों ने जर्जर तारों की जल्द मरम्मत कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है. मौके पर अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी, एएसआई निर्भय कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य मिसिल हांसदा, विस्थापित नेता अरुण महतो, मुखिया नीतू कुमारी, सुजीत रजक, राजू दास, होपना मरांडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. — मुआवजा और अनुबंध पर नौकरी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन, मुआवजे की मांग पर घंटों जाम रही सड़क इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
चितरा: हाइटेंशन तार की चपेट में आया बाइक सवार युवक, मौत
चितरा-बस्ती पालोजारी मुख्य पथ पर हुआ दर्दनाक हादसा
