संवाददाता, देवघर :
महाशिवरात्रि से पहले बाबानगरी सज-धज कर तैयार हो गयी है. हर ओर शिवधुन बज रहे हैं. बुधवार को पर्यटन विभाग की ओर से शहर में भव्य शिव बारात निकाली जायेगी. यह केकेएन स्टेडियम से निकलकर बारात रूट लाइन से बाबा मंदिर पहुंचेगी. केकेएन स्टेडियम में शाम पांच बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसका उद्घाटन करेंगे. शिव बारात में बसहा पर सवार बाबा भोलेनाथ निकलेंगे तथा बाराती के रूप में देवी- देवताओं की टोली के साथ-साथ भूत- बेताल, घोड़े व ऊंट की टोली, बैंड बाजे के ग्रुप शामिल होंगे. साथ ही शिव बारात को देखने के लिए दो लाख से अधिक लोग बारात रूट में सड़क किनारे मौजूद रहेंगे. इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है.शिव बारात निकलने वाले स्थल केकेएन स्टेडियम में 150 ड्रोन से ड्रोन शो का आयोजन किया जायेगा. इसमें बाबा भोलेनाथ की बारात, शिव तांडव आदि दिखाये जायेंगे. वहीं रांची से आये रौनक पाठक व उनकी टीम के द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम किया जायेगा. इसके बाद केकेएन स्टेडियम से झांकियां निकलेंगी. वहीं कलाकारों की टोलियां के अलावा देवी-देवता बने कलाकार बारात में शामिल होंगे. वहीं बारात के मंदिर पहुंचने के बाद मनोज-अजीत के द्वारा मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. बारात को आकर्षक बनाने के लिए कई कार्यक्रम समेत देवी- देवताओं के साथ भूत- बेताल समेत अन्य झांकी तैयार हो गयी है. बारात में 35 देवी- देवता कलाकार, 100 से अधिक युवाओं से बनी भूत-पिशाच की टोलियां, 40 से अधिक भूत-बेताल के वेश में कलाकार, 50 कंकाल समेत 20 घाेड़ा और 10 ऊंट शामिल होंगे. इसके अलावा बारात में 24- 24 लोगों के अलग-अलग एक दर्जन से अधिक तासा पार्टी, बैंड पार्टी, डीजे, भांगड़ा पार्टी समेत अन्य शामिल रहेंगे. इसके अलावा भव्य आतिशबाजी भी होगी. बताया गया कि बारात को आकर्षक बनाने के लिए मारकंडेय जजवाड़े और लक्ष्मण राउत की ओर से विभिन्न आकृतियां तैयार की गयी हैं. बारात में देवघर ही नहीं बिहार, बंगाल, यूपी एमपी समेत अन्य राज्यों से करीब दो लाख लोग पहुंचेंगे.
पूरा बारात रूट सज-धज कर तैयारपर्यटन विभाग की ओर से बाबा नगरी में भ्रमण करने वाले तय बारात रूट तथा इस रूट में पड़ने वाले हर भवन को आकर्षक लाइटों से सजाया गया है. वहीं रूट के सभी मुख्य चौक-चौराहे पर आकर्षक आकृति की मूविंग लाइटों को लगाया गया है. पूरे बारात रूट में करीब चार सौ लाउडस्पीकर लगाये गये हैं. इससे दिन रात शहर में लोग शिवधुन का आनंद ले रहे हैं.शिव बारात में ये झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण
हाफिया हूप दैत्य : शिव बारात में मुख्य आकर्षण का केंद्र हाफिया हूप दैत्य होगा. यह करीब 20 फीट लंबा और 12 फीट चौड़ा होगा. इसके मुंह की आकृति ड्रैगन की तरह दिखती है, इसका मुंह खुलने पर मुंह से ड्रेकुला बाहर निकलेगा और बंद होने पर ड्रेकुला की आकृति अंदर चली जायेगी. पर्यटन विभाग शिवरात्रि में बाहर आने वाले लोगों को आकर्षित करने के लिए कई शानदार झांकियों को बारात में शामिल किया है.कालकासुर
कालाकासुर भी आकर्षक का केंद्र होगा, इसे लक्ष्मण राउत की ओर से बनाया गया है. कालकासुर झांकी में दिखाया जायेगा कि सुर एक घड़ा से निकलेगा. इसके छह हाथ होंगे व दो मुंह होंगे. इसमें एक शांति का प्रतीक होगा, जबकि दूसरा अशांति का प्रतीक होगा.12 ज्योतिर्लिंग के दर्शनशिव बारात की झांकी में श्रद्धालुओं को 12 ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन हो सकेंगे. कलाकार झांकियों को अंतिम रूप दे चुके हैं. शिव बारात देखने आने वाले बारात के दौरान 12 ज्योतिर्लिंगों वाली झांकियों के भी दर्शन कर सकेंगे.
मोबाइल के दुष्प्रभाव का देगा संदेशशिव बारात की झांकी में छोटे बच्चों और उनके परिजनों को जागरूक करने के लिए मोबाइल के उपयोग से छोटे बच्चों पर होने वाले गलत प्रभाव को दिखाया जायेगा. इससे बच्चों में मोबाइल के दुष्प्रभाव को दर्शाने वाली झांकी भी शिव बारात में शामिल रहेगी. इसमें मोबाइल के कारण कई बार जीवन में होने वाली घटनाओं का भी सामना करना पड़ता है. उसका भी प्रदर्शन किया जायेगा.ड्रोन शो व लेजर शोशिव बारात में शामिल होने वाले लोगों को पहली बार कई नये शो देखने को मिलेंगे. शिव बारात को आकर्षक बनाने के लिए 22 फरवरी से ही शहर में शिव धुन बजने लगे हैं. इसके लिए लगभग सभी जगहाें पर लाउडस्पीकर लगा दिया गया है. वहीं पहली बार ड्रोन शो, और लेजर शो बारातियों को देखने को मिलेगा. करीब 20 से 25 मिनट का ड्रोन शो दिखाया जायेगा, जबकि टावर चौक पर लेजर शो के माध्यम से 20 से 25 मिनट तक बारातियों को शिव की महिमा और शिव की कथा तथा महाशिवरात्रि से जुड़े प्रसंगों को भी बारात में दिखाया जायेगा.
चौक-चौराहों पर बनाये गये आकर्षक तोरण द्वारशिव बारात में पूरे शहर को आकर्षक तरीके से सजा दिया गया है. साथ ही लगभग सभी चौक- चौराहों पर लाइट वाली अलग- अलग आकृति लगायी गयी है, जो लोगों को आकर्षित करेगी. इसमें बाघ, तोता, ऊंट आदि अलग-अलग आकृति वाले मूवमेंट लाइटों को लगाया गया है. साथ ही शहर में 30 से 40 जगहों पर 40 फीट ऊंचे आकर्षक लाइटों से सजे तोरण द्वार बनाये गये है. बारात रूटलाइन में स्थित भवनों को लाइटों की लड़ी से दुल्हन की तरह सजाया गया है.सीसीटीवी कैमरे से होगी बारात रूट की निगरानी
शिव बारात के व्यवस्थित तरीके से संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से शिव बारात की सुरक्षा में पूरा शिव बारात रूट में करीब 200 से 250 कैमरे लगाये गये हैं. इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस जवानों के साथ काफी संख्या में दंडाधिकारियों भी मौजूद रहेंगे. इसके अलावा करीब डेढ़ हजार वॉलंटियर को लगाया गया है.मुख्य चौक-चौराहे पर लाइव टेलिकास्ट
शिव बारात को पूरे बारात रूट में 14 से 15 जगहों पर लाइव टेलिकास्ट दिखाने के लिए बड़े स्क्रीन लगाये गये हैं. मुख्य रूप से बरमसिया चौक, बजरंगी चौक, टावर चौक, राय एंड कंपनी मोड़, बरमसिया चौक, शिक्षा सभा चौक, चांदनी चौक, सुविधा होटल, केकेएन स्टेडियम सहित अन्य जगहों पर स्क्रीन लगाये गये हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
