चितरा में 45वां महाविष्णु यज्ञ 27 मई से

बाबा दुखिया शिव मंदिर में सजेगा भक्ति का भव्य दरबार, 216 घंटे अखंड संकीर्तन आकर्षण

प्रतिनिधि, चितरा ; पुरुषोत्तम मास के अवसर पर चितरा कोलियरी स्थित बाबा दुखिया शिव मंदिर प्रांगण में यज्ञ समिति चितरा कोलियरी ट्रस्ट के तत्वावधान में श्रीश्री 1008 महाविष्णु यज्ञ का 45वां भव्य आयोजन 27 मई से 04 जून 2026 तक आयोजित किया जायेगा. इसको लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है. धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 26 मई की शाम सात बजे गंधादिवास से होगा. इसके पश्चात 27 मई की सुबह 5:30 बजे गाजे-बाजे के साथ विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. देवघर के विद्वान यज्ञाचार्य पंडित संजय मिश्रा पूरे अनुष्ठान का संचालन करेंगे. महायज्ञ के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. 31 मई की रात काशी सुमेरु पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे. वहीं वृंदावन के कथावाचक पंडित भागवत किशोर शर्मा 27 मई से 04 जून तक प्रतिदिन रासलीला का सजीव मंचन करेंगे. इसके अलावा अयोध्या की कथा वाचिका व्यास सोनम जी संगीतमय रामकथा प्रस्तुत करेंगी. कोलकाता के कलाकारों द्वारा भजन संध्या तथा वृंदावन की डी के शर्मा एंड पार्टी द्वारा झांकी और भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी. साथ ही भजन, बांग्ला कीर्तन और बाउल कलाकारों के कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे. महायज्ञ के दौरान 216 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन विशेष आकर्षण रहेगा. वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं. पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जायेगी. इस आयोजन को लेकर चितरा और आसपास के इलाकों में लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. हाइलार्ट्स : चितरा में 45वें महायज्ञ की तैयारी जोरों पर, होगा भव्य आयोजन कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, चितरा कोलियरी में गूंजेगा हरिनाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjay kumar rana

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >