देवघर : जमीन विवाद में नगर थानांतर्गत श्रीकांत रोड बेलाबगान मुहल्ले में एक पुलिसकर्मी उपेंद्र यादव के बहकावे पर एक बाउंड्री तोड़ने का मामला सामने आया है. इस संबंध में शिकायत मिलते ही पीसीआर पुलिस घटनास्थल पहुंची. वहां से सात आरोपितों को हमड़ (बड़ा हथौड़ा) के साथ गिरफ्तार कर थाना लाया. इस संबंध में उक्त मुहल्ले के शिवप्रकाश शर्मा के आवेदन पर नगर थाना में पुलिसकर्मी उपेंद्र यादव सहित आठ नामजद व 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.
आरोपितों में उपेंद्र के अलावा हनुमान टिकरी मुहल्ला निवासी सूरज मिश्रा, कल्याणपुर निवासी रोहित कुमार वर्मा, नंदन कुमार चंद्रवंशी, महेश वर्मा, रोहित कुमार, जसीडीह थाना क्षेत्र के सरसा निवासी बजरंगी वर्मा व 15 अज्ञात लोग शामिल हैं. प्राथमिकी में जिक्र है कि पड़ोसी उपेंद्र यादव (जो पुलिस में है) एक वर्ष पूर्व रास्ता मांगा था. मना करने के बाद कुछ लड़कों के साथ दीवार तोड़ दिया था. टूटे दीवार को मरम्मत कराकर चुपचाप रह रहा था. किंतु उपेंद्र बराबर धमकी देता था कि रहना दुश्वार कर देंगे,
घर-मकान छोड़कर चले जाओ. सुबह में करीब 11:15 बजे उपेंद्र के बहकावे पर उपरोक्त सात नामजद आरोपित अज्ञात 15 लोगों के साथ पहुंचा. पत्नी माया देवी को गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की. दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद आरोपितों ने हमड़ (बड़ा हथौड़ा) से दीवार तोड़ना शुरू कर दिया. इसकी सूचना पीसीआर पुलिस को दी गयी. मौके पर पीसीआर पुलिस पहुंची और सात नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना लाया. आरोपितों द्वारा गलत नीयत से पत्नी के हाथ मरोड़ने व सोने की चेन छिनतई करते हुए मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है. इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 347/17 भादवि की धारा 143, 427, 448, 341, 323, 379, 354, 504, 506 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस पड़ताल में जुटी है.
