अमरावती जिले के सिंदुरजनाघाट थाने में दर्ज है कांड संख्या 151/2017
मनोहर जगन्नाथ निमकर के खाते से साइबर अपराधियों ने उड़ाए थे 59 हजार रुपए
पालोजोरी : साइबर अपराधी की तलाश में महाराष्ट्र के अमरावती जिले के सिंदुरजनाघाट थाने की पुलिस टीम शनिवार को पालोजोरी पहुंची. टीम ने थाने में दर्ज कांड संख्या 151/2017 के तहत दर्ज प्राथमिकी के नामजद आरोपी की तलाश में पालोजोरी में छापेमारी की. टीम की अगुवाई एसआइ आशीष गणदरे कर रहे थे. जबकि टीम में दो अन्य कंस्टेबल अतुल मस्के व विलाश कोहड़े शामिल थे. इस संबंध में एसआइ गणदरे ने बताया कि सिंदुररजनाघाट थाने में वहीं के निवासी मनोहर जगन्नाथ नीमकर ने कांड संख्या 151/2017 के तहत साइबर अपराधियों ने लगभग 69 हजार रुपए उनके बैंक खाते से उड़ा लिये.
शिकयतकर्ता ने इस बात का जिक्र किया है कि अपराधियों ने उसके फोन पर बैंक अधिकारी बन संपर्क किया और उनका एटीएम पिन नंबर प्राप्त कर लिया. उनके खाते से राशि की निकासी कर ली. एसआइ ने बताया कि इस संबंध में छानबीन करने पर पता चला कि जिस खाते से राशि का अंतरण हुआ है वह पालोजोरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मशोली गांव के रहने वाले मोहनीश अंसारी का है. इसके बाद वे लोग उक्त खातेधारी के घर छापेमारी के लिए पालोजोरी पहुंचे है. इस मामले में शनिवार दोपहर पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी बीके सिंह के सहयोग से महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी की तलाश में ब्रहमशोली गांव में छापेमारी की. हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया. उसके खिलाफ भादवि की धारा 420 व 66डी आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है.
सइबर अपराध का जोन बनते जा रहे पालोजोरी के गांव : पिछले दो सालों के अंदर पालोजोरी के कई गांव साइबर अपराधियों के जोन में तब्दील हो गये हैं. पूर्व में भी पालोजोरी के बिराजपुर, पहरूडीह, असना, रघुनाथपुर, रघुवाडीह, कसरायडीह, प्रखंड के निकटवर्ती खुटोजोरी, डुमरिया के अलावा अन्य कई गांवों में विभिन्न प्रदेशों की पुलिस छापेमारी कर चुकी है. जानकारों के अनुसार इन गांवों में देखते ही देखते कई बीपीएल परिवार संपन्न परिवार की श्रेणी में शामिल हो चुके हैं. ऐसे लोग बड़े-बड़े भवन बनाने के साथ-साथ अत्याधुनिक मोबाइल, चारपहिया वाहन सहित कई भौतिक सुविधाओं का उपयोग करने लगे हैं. इस तरह एकाएक धनकुबेर बने लोगों पर ग्रामीणों ने भी इशारों में उंगली भी उठाना शुरू कर दी है.
