सारठ पुलिस ने की छापेमारी, चार पर प्राथमिकी दर्ज
चितरा थाना क्षेत्र के जंगल से अवैध उत्खनन कर तस्करी किया जा रहा कोयला
थाना प्रभारी एनडी राय के नेतृत्व में अहले सुबह की गयी छापेमारी
सारठ : सारठ थाना प्रभारी ने विशेष अभियान चला कर मंगलवार सुबह छापमेारी करते हुए अवैध कोयला लदा चार मोटरसाइकिल जब्त किया. तीन लोगों को गिरफ्तार किया. थाना प्रभारी एनडी राय के लिखित प्रतिवेदन पर तीन नामजद व एक अन्य पर कांड संख्या 42/2017 धारा 413,414, भादवि व 33 वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि सुबह चार बजे जेएसआइ अकील अहमद, ललन कुमार व सशस्त्र बल के साथ छापेमारी के क्रम में देवघर रोड के खरवा जोरिया के पास सारठ की ओर से कुछ मोटरसाइकिल पर कोयला लाद कर देवघर आ रहे हैं.
रोकने का इशारा करने पर सारठ की ओर मुड़ गये. भागने के क्रम में खदेड़ कर तीन चालक पकड़ा गया व एक मोटरसाइकिल छोड़ कर भाग गये. पूछताछ के क्रम में पकड़े गये चालकों ने बताया कि ये कोयला चितरा थाना क्षेत्र के जंगल से अवैध तरीके से उत्खनन कर देवघर ले जा रहे हैं. मांगने पर ना ही मोटरसाइकिल व कोयले का कागजात दिखा पाये. पकड़े गये परमानंद मंडल ग्राम जरका व जयप्रकाश यादव ग्राम दोलपहडी दोनों थाना सोनारायठाढ़ी तथा पूरण मंडल ग्राम कोडाडीह थाना सारवां के हैं. थाना प्रभारी एनडी राय ने बताया कि चारों मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपितों को जेल भेज दिया गया है.
