देवघर : राज्य सरकार के नागर विमानन विभाग ने देवघर एयरपोर्ट से एक बार फिर से ग्लाइडर (सेल प्लेन ) सेवा चालू की है. ग्लाइडर से मात्र 300 रुपये में यात्री हवाई देवघर दर्शन कर पायेंगे. करीब पांच से छह मिनट तक इस हवाई दर्शन में एक बार में एक यात्री ही शामिल होंगे. ग्लाइडर में एक यात्री व एक पायलट रहेंगे. यात्रियों को देवघर एयरपोर्ट से देवघर दर्शन का टिकट मिलेगा.
पिछले दिनों नागर विमान विभाग के निदेशक एसपी सिन्हा ने सारी तैयारियों का जायजा लेने के बाद देवघर दर्शन व पायलट ट्रेनिंग की हरी झंडी दी. देवघर एयरपोर्ट के प्रभारी कैप्टन संजय पांडेय ने बताया कि देवघर दर्शन के लिए दो ग्लाइडर पूरी तरह तैयार है. इसकी सेवा भी चालू कर दी गयी है. कुछ दिनों बाद जॉयराइड छोटे इंजनयुक्त विमान से भी प्रति यात्री 800 रुपये की दर से देवघर दर्शन सेवा चालू होगी.
48,200 रुपये में मिलेगी पायलट की ट्रेनिंग
उन्होंने बताया कि देवघर एयरपोर्ट में पायलट ट्रेनिंग भी पुन: चालू कर दी गयी है. प्रत्येक छात्र काे 48,200 रुपये में छह माह की पायलट ट्रेनिंग दी जायेगी. छात्रों को नामांकन के लिए फॉर्म देवघर एयरपोर्ट में ही उपलब्ध कराया जायेगा. इससे पहले छात्रों को डीजीसीए की जमशेदपुर व पटना स्थित ऑफिस से मेडिकल फिटनेेस प्राप्त करना होगा. फिटनेस प्राप्त करने के बाद ही पायलट की ट्रेनिंग दी जायेगी. पायलट ट्रेनिंग पहले ग्लाइडर सेल प्लेन से दी जायेगी, उसके बाद अंतिम क्षण में मोटर ग्लाइडर से पायलट की ट्रेनिंग दी जायेगी. पायलट ट्रेनिंग का लाइसेंस भारत सरकार के नागिरक उड्डयन मंत्रालय द्वारा दिया जायेगा.
