देवघर: नगर निगम के लगभग 265 सफाई कर्मी ने हड़ताल खत्म कर दिया है. उनलोगों को निगम ने तत्काल दो-दो हजार रुपया का भुगतान किया है. इस संबंध में नगर निगम सीइओ अलोइस लकड़ा ने कहा कि तत्काल निगम के पास उपलब्ध फंड से सफाई कर्मियों को भुगतान कर दिया गया है. उनलोगों को निगम की स्थिति से अवगत करा दिया गया है. उन्होंने कहा कि इस स्थिति में निगम को चलाना संभव नहीं है. फंड का अभाव है. निगम के ऊपर कर्ज है. ऐसे में प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलेगा तो काम कर पाना मुश्किल हो रहा है.
इससे आलाधिकारियों को अवगत करायेंगे. वहीं नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कारू मंडल ने कहा कि शुक्रवार से सभी सफाई काम पर लग जायेंगे. पूजा को देखते हुए शहर भर में फैले कूड़ा-कचरा को हटा दिया जायेगा. कर्मियों द्वारा कामकाज ठप किये जाने से शहर के विभिन्न हिस्सों से कूड़ा-कचरा का उठाव नहीं हो सका है.
नतीजा शहर के विभिन्न सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा कचरा यत्र-तत्र पड़ा रहा.दो माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में देवघर नगर निगम के नियमित एवं दैनिक सफाई कर्मियों ने बुधवार को कामकाज ठप रखा था. वहीं पूजा के मौके पर निगम प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गयी थी लेकिन फिलहाल इस परेशानी से राहत मिल गयी है.
