मधुपुर. थाना क्षेत्र के मिसरना में सीताराम मंडल के घर में हुई भीषण डकैती मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है. गिरफ्तार अपराधियों में कांड का मास्टरमाइंड एवं इनफॉर्मर दशरथ दास तथा गांगोमारनी निवासी रहमत अंसारी शामिल हैं. घटना 16 अक्तूबर की रात लगभग साढ़े आठ बजे की है, जब 10-12 अज्ञात अपराधियों ने सीताराम मंडल के घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान अपराधियों ने घर से 12 लाख 50 हजार रुपये नकद, लगभग 7 लाख रुपये के जेवरात सहित अन्य सामान लूट लिया था. इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. घटना का पूरा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था. अपराधी गृहस्वामी के पुत्र दिनेश को खोजते हुए घर में घुसे थे. इसी दौरान सोफे पर सो रहे आठ माह के बच्चे पर पिस्टल सटाकर दहशत फैलाई गयी और अपराधी लूटपाट कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो से फरार हो गए थे. घटना के बाद तत्कालीन एसपी सौरभ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुछ ही दिनों में घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन और लूट के पैसे बरामद कर लिए थे. हालांकि कई अपराधी फरार थे. इंस्पेक्टर इंचार्ज संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि पूर्व में ही पुलिस ने दो देसी पिस्टल, मैगजीन, 7.65 एमएम के आठ जिंदा कारतूस, एक लोडेड देसी कट्टा, सफेद स्कॉर्पियो वाहन तथा लूटे गए लगभग 15 लाख रुपये बरामद किए थे. जबकि प्राथमिकी में 12 लाख 50 हजार रुपये की लूट दर्ज थी. इस मामले में पहले ही गिरिडीह जिला के गाण्डेय थाना क्षेत्र के चेंगरबाद निवासी विक्रम कुमार ठाकुर, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मो. सुल्तान उर्फ रॉकी, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के बिरसिंहडीह निवासी सुल्तान अंसारी, टटकजोरी निवासी रिजवान अंसारी तथा मधुपुर थाना क्षेत्र के गांगोमारनी निवासी रहमत अंसारी को गिरफ्तार किया जा चुका था. रहमत अंसारी को जमानत डिफॉल्ट के कारण पुनः गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
मिसरना में हुई डकैती मामले में दो अपराधी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
मधुपुर के मिसरना में हुए लाखों की डकैती मामले में मास्टर माइंड गिरफ्तार
