पांच दुकानों से 38 सिलिंडर जब्त

देवघर: नगर थाना प्रभारी बिरजु गंझू के नेतृत्व में अवैध गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ शहर के बिलासी टाउन, कचहरी रोड, वीआइपी चौक, बरमसिया व बेलाबगान सहित अन्य मुहल्ले में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने पांच दुकानों से इंडेन व भारत के 38 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किया. मौके पर दुकानदारों […]

देवघर: नगर थाना प्रभारी बिरजु गंझू के नेतृत्व में अवैध गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ शहर के बिलासी टाउन, कचहरी रोड, वीआइपी चौक, बरमसिया व बेलाबगान सहित अन्य मुहल्ले में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने पांच दुकानों से इंडेन व भारत के 38 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किया. मौके पर दुकानदारों ने कोई प्रमाण भी नहीं दिखाया.

सभी दुकानदारों को पुलिस ने पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है. मामले की सूचना पाकर एसडीपीओ अनिमेष नैथानी भी थाना पहुंचे. पूछताछ के बाद उन्होंने बताया कि घरेलू गैस से छोटे सिलिंडरों में रिफिलिंग करना अपराध है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. छापेमारी अभियान में एएसआइ अरविंद कुमार सहित काफी संख्या में सशस्त्र बल शामिल थे.

इनसे हो रही पूछताछ, कहां से कितना मिला : थाना प्रभारी के अनुसार बिलासी टाउन के दुकानदार संतोष कुमार, राकेश कुमार, वीआइपी चौक के दुकानदार अरुण कुमार बेलाबगान पुलिस लाइन के सामने के दुकानदार संदीप वर्णवाल व कचहरी रोड स्थित बाबा गैस चूल्हा के आशीष कुमार से पूछताछ चल रही है. बिलासी के एक दुकान से इंडेन के आठ, भारत के पांच सिलिंडर जब्त किया गया. बिलासी के ही दूसरी दुकान से इंडेन के दो व भारत के तीन, बेलाबगान से इंडेन के तीन व भारत के एक, वीआइपी चौक से इंडेन के छह और कचहरी रोड से इंडेन के आठ व भारत का दो गैस सिलिंडर जब्त किया गया.

चोरी के सिलिंडर की खोज में गयी थी पुलिस: थाना प्रभारी श्री गंझू के अनुसार हाल के दिनों में तीन घरेलू गैस सिलिंडरों की चोरी हुई थी. इस मामले में गुप्त सूचना मिली थी कि गैस बिक्री करने वाले दुकानदार ही चोरी के सिलिंडर खरीदते हैं. इसकी छानबीन के लिये उक्त दुकानों में पुलिस पहुंची तो यह मामला सामने आया.

गैस रिफिलिंग से रहता है खतरा
खुलेआम गैस की रिफिलिंग करने से खतरा रहता है. इससे जहां ज्वलनशील पदार्थो से आग लगने का खतरा रहता है. वहीं विस्फोट का भी खतरा हो सकता है.

पैरवी के लिए पहुंचने लगे लोग: छापेमारी की सूचना मिलते ही पैरवी के लिये पहुंच वाले लोगों का नगर थाना पहुंचना शुरू हो गया. इस क्रम में बिहार के एक राजनेता, जो कभी पावर में रहे हैं, वे चमचमाती स्कॉरपियो से थाना पहुंचे. थाना प्रभारी से मुलाकात नहीं होने पर वे वापस लौट गये. बाद में उनके एक परिजन आकर थाना प्रभारी से मिले. इस मामले की पैरवी में रात को स्थानीय एक राजनीतिक दल के जिलाध्यक्ष व राजनीतिक दल के नेता के अंगरक्षक भी थाना पहुंचे थे. हालांकि बात नहीं बन सकी और सभी को थाने से निराश लौटना पड़ा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >