देवघर: मोहनपुर के बंधा से बाइक चोरी होने की सूचना पर सकरुलर रोड में वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने सदर अस्पताल के चतुर्थवर्गीय कर्मी पंचम दास की पिटाई कर दी. पीड़ित कर्मी ने नगर थाना में इसकी शिकायत की है. पंचम दास सोमवार को अपने घर पुनसिया से हीरो होंडा पर सवार होकर डय़ूटी पर जा रहे थे. इस क्रम में जवानों ने उनको रोका. इस बीच किसी बात को लेकर बात बढ़ी और जवान ने पंचम पर हाथ चला दिया. पंचम का आरोप है कि कागज दिखाने के बावजूद जवान ने नाहक उसकी पिटाई कर दी.
तमाचा कनपट्टी पर मारा है, इससे कान में गंभीर चोट पहुंची है. वहां से पंचम सीधे अस्पताल पहुंचा तथा डीएस डॉ सुरेश प्रसाद सिन्हा के पास फूट-फूट कर रोने लगा. डीएस ने इएनटी डॉक्टर को बुला कर उसका इलाज कराया. डॉक्टर के अनुसार, पंचम के कान का परदा फट गया है. इस संबंध में अस्पताल के डीएस ने पंचम के इलाज का कागजात संलग्न कर शिकायत संबंधी एक प्रतिवेदन नगर थाने को भेजा है. थाना प्रभारी से डीएस ने कार्रवाई की मांग की है.
थाना प्रभारी ने कहा कि पुनसिया पिकेट में जांच करायी गयी. वहां पता नहीं चल सका. अब पुलिस हाउस से निकलने वाले बाइकर्स पुलिस को बुला कर पूछताछ की जायेगी. मामले का पता नहीं चलेगा तो पंचम से पहचान करायी जायेगी और दोषी को चिह्न्ति किया जायेगा.
