मधुपुर: सोमवार को मुख्य रेलखंड पर मधुपुर व झाझा के बीच सघन टिकट चेकिंग अभियान में 96 बेटिकट यात्री धरे गये व एक एक कोयला तस्कर के साथ 24 बोरी कोयला जब्त किया गया.
चेकिंग अभियान मधुपुर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी कुमार क्रांति प्रसाद के नेतृत्व में चलाया गया. अप पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, डाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस व हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान बेटिकट यात्रियों में हड़कंप देखा गया. कोयला अप पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से जब्त किया गया.
इस दौरान बाढ़ का रहने वाला धर्मेद्र कुमार पासवान नामक एक कोयला तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया. जबकि कई तस्कर भाग निकले. बेटिकट पकड़े गये रेल यात्रियों से करीब 38 हजार रुपया जुर्माना वसूला गया. टिकट चेकिंग अभियान में आरपीएफ व जीआरपी के पुलिसकर्मी के अलावा सीआइडी की टीम भी शामिल थी. बताया जाता है कि दुर्गा पूजा व बकरीद में ट्रेनों में भारी भीड़ व बेटिकट यात्री को ध्यान में रखते हुए दंडाधिकारी के नेतृतव में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
