देवघर: बैद्यनाथपुर निवासी सुबोध नारायण किशोर (32) की जांच रिपोर्ट में डेंगू के लक्षण पाये गये हैं. मरीज का भाई सूचित यादव ने कहा कि तीन दिनों से सुबोध (डेंगू पीड़ित) का बुखार कम नहीं होने के बाद डॉ सिकंदर सिंह से दिखाया. डॉक्टर ने डेंगू जांच की सलाह दी. जांच रिपोर्ट में डेंगू के लक्षण पाये गये हैं.
इस संबंध में डॉक्टर श्री सिंह ने बताया कि डेंगू पीड़ित मरीज दिल्ली में काम करता था. वहां बुखार कम नहीं होने के बाद वह देवघर आ गया. डेंगू के लक्षण के संदेह पर डेंगू का टेस्ट कराया गया.
जहां रिपोर्ट में डेंगू होने की बात सामने आयी है. रविवार शाम करीब छह बजे मरीज अपने परिजन के साथ सदर अस्पताल पहुंचा. वहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर से डेंगू मरीज ने अपनी रिपोर्ट दिखायी. उसके बाद डॉक्टर ने भरती होने की सलाह दी. हाल में ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने कहा था कि देवघर में एक भी डेंगू मरीज नहीं पाये गये हैं. वहीं सदर अस्पताल के प्रभारी डीएस डॉ अवधेश सिंह ने बताया कि रविवार को डेंगू के मरीज को भरती किया गया, लेकिन बिना बताये चला गया. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि डेंगू के लक्षण पाये जाने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. डेंगू एक से दूसरे में तेजी से फैलता है.
