देवघर: सदर अस्पताल में ब्लड नहीं मिलने के कारण जच्चा व बच्चा की मौत हो गयी. मधुपुर स्थित फुरची गांव की प्रसूति (तारा देवी)को ब्लड की अत्यंत जरूरी थी, लेकिन अस्पताल के ब्लड बैंक में ओ पोजेटिव ब्लड उपलब्ध नहीं होने के कारण मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि गुरुवार को शाम में मधुपुर अस्पताल में भरती कराया, लेकिन ब्लड उपलब्ध नहीं होने के कारण सदर अस्पताल देवघर जाने को कहा गया.
यहां लगभग एक बजे रात को लाया गया. उसके बाद ब्लड की जरूरत थी, लेकिन ब्लड उपलब्ध नहीं था. मृतका का पति गोपी दास ने कहा कि रात भर दर्द से तड़पती रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से ब्लड की व्यवस्था नहीं की गयी.यदि ब्लड मिल जाती तो शायद जच्च व बच्चा की मौत नहीं होती.
बीएचटी में भरती सुबह आठ बजे है
अस्पताल के बीएचटी में भरती का समय सुबह आठ बजे है. जबकि परिजनों का कहना है कि रात लगभग एक बजे सदर अस्पताल देवघर पहुंचे.
ब्लड रहती तो बचायी जा सकती थी जान : डीएस
प्रभारी डीएस डा अवधेश सिंह ने कहा कि प्रसूति की हालत पहले से खराब थी. उसे अंदरूणी ब्लीडिंग काफी हो गयी थी और होमोग्लोबीन भी कम था. उस वक्त ओ पोजेटिव ब्लड की जरूरत थी, लेकिन ब्लड में बैंक में ब्लड उपलब्ध नहीं था. उसके पति को भी ब्लड देने के लिए कहा गया, लेकिन उसने नहीं दिया. ब्लड मिलने पर उसकी जान बचायी जा सकती थी.
