देवघर : देवघर-दुमका मुख्य मार्ग स्थित चंदनाठाढ़ी मोड़ के समीप गुप्त सूचना पर शनिवार की रात मोहनपुर थाने की पुलिस ने 13 साइबर संदिग्ध युवकों को पकड़ा था. रविवार सुबह मोहनपुर थाने की पुलिस ने उनलोगों में से छह युवकों को साइबर थाना भेजा.
यहां साइबर डीएसपी नेहा बाला ने सभी से घंटो पूछताछ कर सत्यापन किया. इन लोगों से बरामद मोबाइल, एटीएम कार्ड आदि को खंगालने पर घोरमारा बाजार निवासी आशीष रंजन उर्फ राहुल, घोरमारा नीचे बस्ती टोला निवासी रोशन कुमार उर्फ बउआ व बांक बढ़ई टोला निवासी लालू राणा के खिलाफ साइबर ठगी के साक्ष्य हाथ लगे.
इन तीनों के खिलाफ साइबर थाने में मोहनपुर थाने के पीएसआइ चंदन कुमार पांडेय की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी चल रही है. आशीष के पास से पुलिस ने एक मोबाइल, तीन एटीएम कार्ड व नगद 1500 रुपये बरामद किया है.
रोशन के पास से आइ-20 कार सहित नकदी 1700 रुपये, एक मोबाइल व चार एटीएम कार्ड बरामद हुआ. लालू के पास से नकदी 25540 रुपये सहित एक मोबाइल व तीन एटीएम कार्ड बरामद हुआ है. पुलिस के मुताबिक इनलोगों के पास से बरामद मोबाइल में साइबर ठगी संबंधित कई एप, सीरीज कॉल आदि मिले हैं.
पुलिस को जो सूचना मिली, उसके मुताबिक रोशन साइबर गिरोह का संचालन कराता है. देवघर-दुमका पथ पर घोरमारा के पास उसका गृहणी नाम का बड़ा ढाबा है. आइ-10 गाड़ी के अलावे उसके पास एक स्कार्पियों गाड़ी होने की भी सूचना है. पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि उसने कई जमीन भी खरीद रखी है.
पुलिस उसकी संपत्ति का आकलन करने में जुटी है. पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद झांसा देने के लिए वह कह रहा था कि व्यवसाय से उसने संपत्ति हासिल की. लालू पहले भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. उस वक्त पुलिस को पता चला था कि लालू का लाखों का आलीशान मकान है.
पीएसआइ चंदन के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कई साइबर संदिग्ध चुटोनाथ से पार्टी कर वापस लौट रहे हैं. इसी गुप्त सूचना पर शनिवार रात में मोहनपुर थाना प्रभारी यशवंत कुमार सहित एसआइ शांता साहू, एएसआइ जयचंद सोरेन व अन्य ने पुलिस बलों के साथ घेराबंदी कर रखी थी, जिसमें सभी पुलिस के हत्थे चढ़े.
साइबर ठगी में पकड़े गये आशीष, रोशन व लालू से बरामद हुए नकद, डेबिट कार्ड व मोबाइल
गुप्त सूचना मिली थी पुलिस को कि कई साइबर संदिग्ध चुटोनाथ से पार्टी कर लौट रहे वापस
इसी सूचना पर मोहनपुर थाने की पुलिस ने चंदना मोड़ पर कर रखी थी घेराबंदी
मोहनपुर थाने के पीएसआइ चंदन की शिकायत पर साइबर थाने में आशीष, रोशन व लालू पर प्राथमिकी की तैयारी
गिरफ्तार लालू के खिलाफ है पुराना रिकॉर्ड, पूर्व में गया था जेल, फिलहाल है जमानत पर
