देवघर : मोहनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर ऑटो पलट जाने से एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घायलों में महिला का नाम विमली देवी(40) पति मनोज महतो के अलावा पांडव राय(45) शामिल हैं. दोनों लोग मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाघमारी किताखिरवा का रहने वाले बताये जाते हैं.
हालांकि घटना के बाद फौरन स्थानीय लोगों ने इस बात की सूचना मोहनपुर पुलिस को दी. पुलिस वहां पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उठाकर 108 एंबुलेंस के जरिये इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. यहां ऑन डयूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वार्ड में शिफ्ट तो कर दिया.
मगर समाचार लिखे जाने तक दोनों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई थी. घटना के विषय में परिजनों ने बताया कि दोनों लोग अपने घर बाघमारी किताखिरवा से ऑटो पर सवार होकर मोहनपुर बाजार खरीदारी के लिए आ रहे थे. इस बीच कुछ दूर जाने के बाद ऑटो पलट गया.
इस घटना में विमली देवी, पांडव राय के अलावा कुछ अन्य लोग भी घायल हुए. मगर दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें देवघर सदर अस्पताल भिजवाया. जबकि शेष अन्य लोगों को हल्की-फुल्की चोट लगने के कारण मोहनपुर स्थित निजी चिकित्सालय में ही इलाज करवा कर छोड़ दिया गया.
