मालगाड़ी से अलग हो गये 28 डिब्बे, बड़ा हादसा टला
देवघर : आसनसोल डिवीजन अंतर्गत जसीडीह-झाझा रेलखंड में घोरपारन-नरगंजो हॉल्ट के बीच मालगाड़ी का कोपलिंग टूटने से मालगाड़ी के 28 बोगी अलग हो गये. इस दौरान बड़ी दुर्घटना होने से बच गयी. घटना रविवार की सुबह करीब 10:20 बजे की है. अप लाइन से मालगाड़ी कोयला लेकर जसीडीह होते हुए बिहार के कांटी स्टेशन की ओर जा रही थी.
इसी क्रम में जसीडीह-झाझा रेलखंड में घोरपारन- नरगंजो हॉल्ट के बीच पोल संख्या 357/9 के समीप मालगाड़ी के बोगी को जाड़ने वाला कोपलिंग (नकल) टूट गया. इससे मालगाड़ी दो भाग में बंट गयी. मालगाड़ी के इंजन के साथ 14 बोगी चली गयी, जबकि 28 बोगी कट कर पीछे रह गयी. इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया.
घटना की जानकारी मिलते ही इंजन के ड्राइवर ने कंट्रोल कर रोका, वहीं पीछे की बोगियों को गार्ड ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका. इसके बाद गार्ड और ड्राइवर ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम काे दी. इसकी सूचना मिलते ही झाझा स्टेशन से टीएक्सआर स्टाफ, कैरेज व सीएनडब्लू स्टाफ को भेज कर दोनों ट्रेन को वापस दूसरा कोपलिंग लगा कर जोड़ा गया. इसके बाद करीब 12:15 बजे मालगाड़ी को रवाना किया गया. इस दौरान पूर्व से विलंब आ रही ट्रेन नंबर 18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 11:04 से 12:26 तक घोरपारन हॉल्ट पर खड़ी रही. इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई. रेलवे के अनुसार, नरगंजो व घोरपारन स्टेशन के बीच पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अप लाइन ढलान में है, इस कारण पहले भी इस प्रकार की घटना हो चुकी है.
