देवघर : मोहनपुर थाना क्षेत्र के कांवरिया पथ स्थित खिजुरिया गांव में रिवाल्वर दिखाकर पोल्ट्री फार्म संचालक राकेश दास उर्फ बृहस्पति दास के घर से चार लाख की लूट हो गयी. इस मामले में राकेश ने मोहनपुर थाने में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट का एफआइआर दर्ज कराया है. राकेश के अनुसार 17 जून की रात 9:30 बजे दो युवक घर में प्रवेश किया व उनकी पत्नी अन्य परिजनों पर रिवाल्वर तान दिया जबकि दो युवक घर के बाहर खड़ा था.
इस दौरान अपराधियों ने मारपीट की व पहले मोबाइल छीन लिया. उसके बाद घर के चौकी के नीचे बक्शा में बंद एक बैग निकाल लिया. उक्त बैग में चार लाख रुपये नगद रखा था. राकेश के अनुसार मुर्गा बेचकर व्यापारी से तगादा कर वह चार लाख रुपये घर लाया था. अपराधी पैसा लेकर कांवरिया पथ के पश्चिम दिशा की ओर भाग निकला. राकेश ने पुलिस को बताया कि सभी अपराधी के मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था. एक अपराधी ने भागते समय अपने साथियों से कहा कि पांडे व छोटू जल्दी भागो.
इसके सारे अपराधी भागने में सफल हो गये. अपराधी अपने साथ दोनों मोबाइल भी ले गया. घटना की सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना प्रभारी डीएन ठाकुर पहुंचे व छानबीन की. कांवरिया पथ के किनारे इस तरह लूट की घटना से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गये हैं, चूंकि सावन से पहले भी कांवरिया पथ से कांवरियों का आना शुरु हो जाता है. पिछले दिनों बलसरा के पास भी पप्पू मंडल के घर में तीन लाख की चोरी हो गयी थी. पुलिस की नाकामी इस क्षेत्र में साफ दिख रही है.
