देवघर : देवघर में भूमि घोटाला में शामिल सबसे अधिक जमीन पर कब्जा मोहनपुर अंचल स्थित बंधा मौजा में हुई है. बंधा में भू-माफियाओं ने अपने दबदबा से सीबीआइ जांच के दायरे वाली करीब 60 करोड़ रुपये की 30 एकड़ जमीन अवैध ढंग से बेच दी है. कुंडा मोड़-बैजनाथुपर रोड के किनारे भू-माफियाओं ने सीबीआइ जांच के दायरे वाली कई भू-खंडों पर अवैध दीवारें खड़ी कर दी व कई भू-खंडों पर अवैध ढंग से मकान बनाकर कब्जा कर लिया है.
बंधा व विराजपुर में तत्कालीन एसडीओ- सीओ के आदेश को ठेंगे पर रखकर भू-माफियाओं ने सीबीआइ जांच के दायरे वाली जमीन की पुरानी दीवारें तोड़कर एकड़ के एकड़ जमीन को टुकड़ों में स्क्वायर फीट के हिसाब से बेच दी. जिन लोगों ने अपनी पाई-पाई पैसे लगाकर जमीन खरीदी थी व चहारदीवारी बना रखी थी, वैसे जमीन पर भू-माफियाओं ने रैयतों को प्रलोभन में देकर रातों-रात चहारदीवारी तोड़ते हुए घुसकर कब्जा कर लिया.
जिन लोगों ने सरकार को स्टांप ड्यूटी जमा कर जमीन की रजिस्ट्री करायी है, वैसे लोग अब अपनी आंखों के सामने जमीन छिनता देख बेबस हो गये हैं. सीबीआइ जांच के दायरे वाली जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले सामान्य लोगों के समक्ष असमंजस की स्थिति हो गयी है. आखिर जब जमीन के मामले की सुनवाई सीबीआइ कोर्ट धनबाद में चल रही है तो फैसला आने से पहले कैसे कोई इस जमीन पर कब्जा कर सकता है, लोग एसडीओ समेत अन्य अधिकारियों से गुहार लगा रहेे हैं.
एक-एक इंच खाली जमीन हो रही चिह्नित: बंधा में एक पूर्व मुखिया के नेतृत्व वाला सिंडिकेट इन दिनों एक-एक इंच खाली पड़े सीबीआइ जांच के दायरे वाली जमीन को चिह्नित कर रहा है. खाली पड़े जमीन पर पहले अपने गुर्गों को चहारदीवारी के अंदर प्रवेश करता है व बाद में अनजान लोगों को इस जमीन को हस्तांतरण के नाम पर दान-पत्र के जरिये करोड़ों रुपये ठग रहा है. बंधा मौजा में ही इन दिनों सड़क किनारे गोचर जमीन पर डेयरी बनाकर कब्जा कर लिया गया है.
बंधा मौजा में सीबीआइ जांच के दायरे वाली जमीन पर कब्जा की शिकायतें आयी है. बंधा में ही अलग-अलग जगहों से कब्जे ऐसी शिकायतें आयी है. इस मामले में पूरी जांच करायी जायेगी. अवैध कब्जा पर रोक लगायी जायेगी.
विशाल सागर, एसडीओ, देवघर
